नई दिल्ली,
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 38 उम्मीदवारों की चौथी और फाइनल लिस्ट जारी कर दी है. अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे. मुख्यमंत्री आतिशी एक बार फिर कालकाजी से चुनाव लड़ेंगी. इसी तरह सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी होंगे. ये दोनों वर्तमान में इन्हीं सीटों से विधायक हैं. आम आदमी पार्टी ने कस्तूरबा नगर से अपने मौजूदा विधायक मदन लाल का टिकट काट कर रमेश पहलवान को उतारा है. रमेश पहलवान और उनकी पार्षद पत्नी कुसुम लता आज ही भाजपा छोड़कर AAP में शामिल हुए थे.
बाबरपुर से मंत्री गोपाल राय और तिलक नगर से जरनैल सिंह चुनाव लड़ेंगे. इसके अलावा, सत्येन्द्र कुमार जैन शकूर बस्ती से, ओखला से अमानतुल्ला खान, मुकेश कुमार अहलावत सुल्तानपुर माजरा से, रघुविंदर शौकीन नांगलोई जाट से, सोम दत्त सदर बाजार से, इमरान हुसैन बल्लीमारान से चुनाव लड़ेंगे. आम आदमी पार्टी ने बुराड़ी से संजीव झा, बादली से अजेश यादव, रिठाला से मोहिंदर गोयल, बवाना से जय भगवान, शालीमार बाग से बंदना कुमारी, त्रिनगर से प्रीति तोमर, वजीरपुर से राजेश गुप्ता, मॉडल टाउन से अखिलेश पति त्रिपाठी को मैदान में उतारा है.
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव के लिए AAP उम्मीदवारों की आखिरी लिस्ट जारी होने के बाद X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘आज आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए. पार्टी पूरे आत्मविश्वास और पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ रही है. बीजेपी गायब है. उनके पास ना CM चेहरा है, ना टीम है, ना प्लानिंग है और ना दिल्ली के लिए कोई विजन है. उनका केवल एक ही नारा है, केवल एक ही नीति है और केवल एक ही मिशन है- केजरीवाल हटाओ. उनसे पूछो 5 साल क्या किया, तो वो जवाब देते हैं- केजरीवाल को खूब गाली दी. हमारी पार्टी के पास दिल्ली वालों के विकास के लिए विजन है, प्लान है और उसे लागू करने के लिए पढ़े लिखे लोगों की एक अच्छी टीम है. पिछले दस सालों में किए कामों की लंबी लिस्ट है. दिल्ली वाले काम करने वालों को वोट देंगे, ना कि गाली देने वालों को.’

