वॉशिंगटन,
डोनाल्ड ट्रंप ने 20 जनवरी, 2025 को संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली. इसके साथ ही उन्होंने कई मुकदमों, दो महाभियोग और दो बार जानलेवा हमले का सामना करने के बाद अमेरिका की सत्ता में आश्चर्यजनक वापसी की पटकथा लिखी. कड़काड़ाती ठंड के कारण 40 वर्षों में पहली बार अमेरिकी राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह कैपिटल हिल के अंदर आयोजित हुआ. जेडी वेंस ने उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली.
डोनाल्ड ट्रंप के इनागुरेशन डे इवेंट में अरबपतियों, उद्योगपतियों, उनकी कैबिनेट के सदस्यों और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपतियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया. राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद अपने संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर नेशनल इमरजेंसी की घोषणा की. बता दें कि अमेरिका की दक्षिणी सीमा मेक्सिको से लगती है. अमेरिका को मेक्सिको बॉर्डर से बड़े पैमाने पर अवैध प्रवासियों के घुसपैठ का सामना करना पड़ता है.
