नई दिल्ली,
भारतीय जनता पार्टी ने तेलंगाना के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी ने पहली लिस्ट में कुल 52 उम्मीदवार घोषित किए हैं. इसके अलावा तीन बीजेपी सांसदों को उम्मीदवार बनाया गया है. करीमनगर से बांदी संजय कुमार को टिकट दिया गया है. इसके अलावा एटाला राजेंदर को दो सीटों से उम्मीदवार बनाया है जिसमें वह हुजूराबाद और गजवेल से चुनाव लड़ेंगे.
वहीं गोशामहल से मौजूदा विधायक राजा सिंह का निलंबन रद्द कर उन्हें फिर से उसी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. तेलंगाना के आईटी मंत्री और सीएम केसीआर के बेटे केटीआर के खिलाफ सिरसिला सीट से बीजेपी ने रानी रुद्रमा रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है.



तीन सांसदों पर लगाया दांव
करीमनगर से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद बांदी संजय कुमार, बोथ से सांसद सोयाम बापू और कोरुतला से सांसद अरविंद धर्मपुरी को बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है. इससे पहले बीजेपी मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी इसी तरह का प्रयोग कर चुकी हैं और कई मौजूदा सांसदों को चुनाव मैदान में उतार चुकी हैं. वहीं बीजेपी विधायक एटाला राजेंदर गजवेल सीट से सीएम केसीआर के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे.
आपको बता दें कि तेलंगाना में कुल 119 सीटें हैं. सत्ताधारी बीआरएस अभी तक अपने 115 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुका है. सीएम के चंद्रशेखर राव गजवेल और कामारेड्डी दो सीटों से चुनाव लडे़ंगे, वर्तमान में वह गजवेल से विधायक हैं. वहीं कांग्रेस तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए अपने 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है जिसमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी और विधायक दल के नेता मल्लू भट्टी विक्रमार्क तथा कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं.
