बेंगलुरु
कर्नाटक के बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक जारी है, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, एनसीपी चीफ शरद पवार, राहुल गांधी और 26 दलों के नेता इस बैठक में मौजूद हैं। बैठक के दौरान सीट बंटवारे और विपक्षी फ्रंट को नाम दिए जाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। आज की दूसरी अहम और बड़ी खबर एनडीए की दिल्ली में होने जा रही बैठक से जुड़ी है। भाजपा का दावा है कि इस बैठक में 38 दल शामिल होंगे।
विपक्षी दलों की बैठक में बोले खड़गे-कांग्रेस को PM पद में कोई दिलचस्पी नहीं
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि बेंगलुरु में संयुक्त विपक्ष की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे साफ कर दिया है कि कांग्रेस को पीएम पद में दिलचस्पी नहीं है। खड़गे ने कहा,”मैंने एमके स्टालिन के जन्मदिन पर चेन्नई में पहले ही कहा था कि कांग्रेस को सत्ता या प्रधानमंत्री पद में कोई दिलचस्पी नहीं है, इस बैठक में हमारा इरादा अपने लिए सत्ता हासिल करना नहीं है। यह हमारे संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए है।”
खड़गे ने कहा- बीजेपी नेता सहयोगियों को साथ लाने के लिए दौड़ लगा रहे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, मुझे खुशी है कि बेंगलुरु में 26 पार्टियां एकजुट होकर काम करने के लिए मौजूद हैं. अभी हम सबकी मिलकर 11 राज्यों में सरकार है. बीजेपी को अकेले 303 सीटें नहीं मिलीं. उसने अपने सहयोगियों के वोटों का इस्तेमाल किया और सत्ता में आई और फिर उन्हें बाहर कर दिया.
खड़गे ने कहा, भाजपा अध्यक्ष और उनके नेता अपने पुराने सहयोगियों से समझौता करने के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य की दौड़ लगा रहे हैं. उन्हें डर है कि जो एकता उन्हें यहां दिख रही है, उसका नतीजा अगले साल उनकी हार होगी. हर संस्था को विपक्ष के खिलाफ हथियार बनाया जा रहा है.
उन्होंने कहा, इस बैठक में हमारा इरादा अपने लिए सत्ता हासिल करना नहीं है. यह लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा करना है. आइए हम भारत को प्रगति, कल्याण और सच्चे लोकतंत्र के पथ पर वापस ले जाने का संकल्प लें.
केजरीवाल का पीएम मोदी पर हमला, कहा-देश को बर्बाद कर दिया है
विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा, “पीएम मोदी को दस साल तक देश पर शासन करने का मौका मिला और उन्होंने लगभग हर क्षेत्र को पूरी तरह से चौपट कर दिया है।न्होंने लोगों के बीच नफरत पैदा कर दी है, अर्थव्यवस्था खस्ताहाल है, महंगाई चरम पर है, सभी क्षेत्रों में बेरोजगारी है. अब भारत के लोगों के लिए उनसे छुटकारा पाने का समय आ गया है, इसलिए समान विचारधारा वाली सभी पार्टियां एक साथ आ रही हैं।”
