पुष्कर ,
इजरायल और हमास के बीच शनिवार से जंग जारी है. राजस्थान के पुष्कर घूमने आए इजरायली पर्यटकों में हमास के हमले को लेकर गुस्से का माहौल है. उनका कहना है कि वो इस बार हमास से आर-पार का युद्ध चाहते हैं. क्योंकि आतंकियों ने उनके बच्चों और महिलाओं के साथ बर्बरता की है. इतना ही इजरायली पर्यटक जल्द से जल्द अपने देश लौटना चाहते हैं ताकि वो युद्ध में हिस्सा ले सकें.
आतंकी संगठन हमास द्वारा इजरायल पर किए गए हमले के बाद से भारत समेत पूरे विश्व से इजरायली स्वदेश लौट रहे हैं. ताकि वह जंग के मैदान में हमास के आतंकियों का मुंह तोड़ जवाब दे सकें. इसके लिए उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में मौजूद इजरायली पर्यटक दिल्ली इकट्ठा होने के बाद अपने देश लौट रहे हैं.
इजरायली बोले- हमास के खिलाफ होगा आर-पार का युद्ध
इजरायल और हमास के बीच तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने पुष्कर में स्थित यहूदी धर्मस्थल ‘चबाड़ हाउस’ की सुरक्षा बढ़ा दी है. चबाड़ हाउस लंबे अरसे से आतंकियों के निशाने पर रहा है. पुष्कर में ठहरे इजराइल के विदेशी पर्यटकों का कहना है कि इस समय उनका देश मुश्किल हालत में है. आतंकियों ने उनके हजारों लोगों को मौत के घाट उतार दिया है. उनकी महिलाओं के साथ बलात्कार जैसी घटनाएं हुई हैं.
इजरायल और हमास के बीच शनिवार से जंग जारी
बता दें, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को हमास को कड़ी चेतावनी देते हुए एक वीडियो मैसेज जारी किया. इसमें नेतन्याहू ने साफ-साफ एलान कर कहा कि इजरायल ने युद्ध को शुरू नहीं किया है, लेकिन इसे खत्म जरूर करेगा. हमास के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तहत इजरायल ने 3,00,000 सैनिक जुटाए हैं. नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल युद्ध नहीं चाहता था, यह हम पर सबसे क्रूर तरीके से थोपा गया है.
