नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भाषा की गरिमा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सीटें, दोनों लगातार गिरती जा रही हैं। उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार की एक चुनावी सभा में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर शनिवार को तीखा हमला बोलते हुए उस पर मुस्लिम वोट बैंक के लिए ‘गुलामी’ और ‘मुजरा’ करने का आरोप लगाया।
‘पीएम के भाषा की गरिमा लगातार गिर रही’
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘प्रधानमंत्री की भाषा की गरिमा और भाजपा की सीटें – दोनों ही लगातार गिरती चली जा रही हैं।’ एक दिन पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘अग्निपथ’ योजना जबरदस्ती थोपकर उन युवाओं के साथ धोखा किया है जो सेना में भर्ती होने का सपना देखते हैं। उन्होंने एक टेम्पो पर कुछ ऐसे युवाओं से बातचीत का वीडियो ‘एक्स’ पर शेयर किया जो सेना में भर्ती होना चाहते थे, लेकिन ‘अग्निपथ’ योजना लागू होने के कारण उनका सपना पूरा नहीं हो सका।
गुजरात की घटना पर जताया शोक
राहुल गांधी ने राजकोट में गेमिंग जोन में हुए हादसे पर शोक व्यक्त किया। राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट में लिखा, गुजरात में एक मॉल के गेमिंग जोन में लगी भयंकर आग से मासूम बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही पीड़ादायक है। सभी शोकाकुल परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वो राहत और बचाव कार्य में प्रशासन की हर संभव सहायता करें। गुजरात सरकार एवं प्रशासन से अपेक्षा है कि वो इस घटना की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कर सभी शोकसंतप्त परिवारों को शीघ्र न्याय दिलवाएं।
