16.6 C
London
Tuesday, June 16, 2026
Homeराजनीतिमनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार पर बढ़ी तकरार, कांग्रेस-AAP ने मोदी सरकार...

मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार पर बढ़ी तकरार, कांग्रेस-AAP ने मोदी सरकार को घेरा तो BJP ने किया पलटवार

Published on

नई दिल्ली,

मनमोहन सिंह के स्मारक को लेकर सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस ने उचित जगह पर अंत्येष्टि और स्मारक की मांग की थी. जब अंतिम संस्कार के लिए सरकार ने निगम बोध घाट को चुना तो कांग्रेस हमलावर हो गई. सिद्धू ने अटल बिहारी वाजपेयी से जोड़ते हुए हमला बोला तो बीजेपी ने मनमोहन सिंह की मौत पर राजनीति का आरोप लगाया.

कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम को चिट्ठी लिखी. सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सरकार स्मारक के लिए जमीन आवंटन करेगी. कांग्रेस के साथ अकाली दल के सुखबीर सिंह बादल, अखिलेश यादव और आप नेता संजय सिंह ने सरकार पर मनमोहन सिंह के अपमान का आरोप लगाया.

राहुल गांधी ने भी केंद्र सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया कि भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार आज निगमबोध घाट पर करवाकर वर्तमान सरकार द्वारा उनका सरासर अपमान किया गया है. एक दशक के लिए वह भारत के प्रधानमंत्री रहे, उनके दौर में देश आर्थिक महाशक्ति बना और उनकी नीतियां आज भी देश के गरीब और पिछड़े वर्गों का सहारा हैं. आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का आदर करते हुए उनके अंतिम संस्कार अधिकृत समाधि स्थलों में किए गए ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे पाए. डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान और समाधि स्थल के हकदार हैं.

बीजेपी ने भी कांग्रेस पर किया पलटवार
राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी ने भी जमकर पलटवार किया है. अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हमला बोलते हुए कहा कि घटिया राजनीति से बाज आए कांग्रेस और पीएम मोदी से किसी का सम्मान करना सीखे. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और स्मारक को लेकर कांग्रेस बनाम बीजेपी की जंग तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ ही दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर जमकर वार कर रहे हैं.

क्या बोले अरविंद केजरीवाल?
वहीं, दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, भारत के प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी का अंतिम संस्कार निगम बोध घाट पर किया गया. इसके पूर्व भारत के सभी प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार राजघाट पर किया जाता था. सिख समाज से आने वाले, पूरी दुनिया में ख्याति प्राप्त, 10 वर्ष भारत के प्रधानमंत्री रहे डॉ मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार और समाधि के लिए बीजेपी सरकार 1000 गज़ जमीन भी न दे सकी.

पवन खेड़ा ने लगाया अपमानजनक व्यवहार का आरोप
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के राजकीय अंतिम संस्कार के दौरान सरकार पर अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया है. खेड़ा ने इसे “असम्मान और अराजकता का चौंकाने वाला प्रदर्शन” करार देते हुए कई गंभीर मुद्दे उठाए. उन्होंने कहा कि, अंतिम संस्कार की कवरेज के लिए केवल दूरदर्शन (DD) को अनुमति दी गई, जिसने अधिकतर समय पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर ध्यान केंद्रित किया. डॉ. सिंह के परिवार को शायद ही दिखाया गया.

‘परिवार के साथ भी हुआ अनुचित व्यवहार’
डॉ. सिंह के परिवार के लिए फ्रंट रो में केवल तीन कुर्सियां दी गईं. उनकी बेटियों और अन्य परिजनों के लिए सीट सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस नेताओं को हस्तक्षेप करना पड़ा. जब डॉ. सिंह की विधवा को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा गया और गन सल्यूट हुआ, तब प्रधानमंत्री और मंत्रियों ने खड़े होकर सम्मान प्रकट नहीं किया. चिता के पास सैनिकों की मौजूदगी के कारण परिवार को पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया. यहां तक कि डॉ. सिंह के पोते-पोतियों को अंतिम संस्कार की रस्मों के लिए संघर्ष करना पड़ा.

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने किया पलटवार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इतने दुखद अवसर पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं.

संबित पात्रा ने भी कांग्रेस को घेरा
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा, “यह भारत की राजनीति में एक नया निम्न स्तर है, जिसका श्रेय कांग्रेस पार्टी को जाता है.कांग्रेस पार्टी के कारण – हम यहां उस दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए हैं जिस दिन पूर्व प्रधानमंत्री का अंतिम संस्कार किया गया था. भाजपा का मानना ​​है कि मृत्यु में गरिमा होनी चाहिए. कांग्रेस जिस तरह की राजनीति कर रही है, खासकर राहुल गांधी, जिन्होंने दाह संस्कार के बारे में ट्वीट किया है, वह शर्मनाक है.”

भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने यह भी कहा कि, एक किताब में लिखा गया है कि कैसे प्रधानमत्री की टेबल से फाइल लेकर सोनिया गांधी के पास पहुंचा दी जाती थी. कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव की मृत्यु के बाद सोनिया गांधी के इशारे पर उनके पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया गया था. सोनिया गांधी के कहने पर ही उनका संस्कार दिल्ली में नहीं करने दिया गया.’

स्मारक पर क्या बोली भाजपा
उन्होंने आगे कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद हमने कैबिनेट की बैठक में फैसला किया कि चूंकि वह प्रधानमंत्री थे और उनका कद बड़ा था, कैबिनेट ने कांग्रेस और डॉ. सिंह के परिवार को एक पत्र लिखा, जिसमें कैबिनेट ने कहा कि हमें उनके नाम पर एक स्मारक बनाना चाहिए ताकि देश और दुनिया उन्हें उनके सकारात्मक कार्यों के लिए याद रखे.

केसी वेणुगोपाल ने भी जेपी नड्डा पर किया पलटवार
उधर, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भाजपा और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने मर्यादा की सभी सीमाएं पार कर दी हैं. उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह जी के अंतिम संस्कार में की गई व्यवस्थाओं और सरकार के आचरण को अपमानजनक और जानबूझकर किया गया कद कम करने का प्रयास बताया.

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के परिवार का हुआ अपमानः वेणुगोपाल
वेणुगोपाल ने कहा, “भाजपा की पिछले दो दिनों की पाखंडपूर्ण राजनीति और सस्ती चालों ने हमें उनकी असलियत उजागर करने पर मजबूर कर दिया है.” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने डॉ. सिंह के अंतिम संस्कार के दौरान खर्च में कटौती करने की कोशिश की और कई मौकों पर परिवार का अपमान किया गया. उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह के कद और सम्मान के अनुरूप प्रोटोकॉल का पूरी तरह से अभाव था. वेणुगोपाल ने कहा, “सरकार का यह रवैया डॉ. मनमोहन सिंह के प्रति एक बड़ा अपमान है. भारत इस अपमान को कभी माफ नहीं करेगा.” वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने डॉ. सिंह के अंतिम संस्कार को राजनीतिक खेल बना दिया है. उन्होंने इसे भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादाओं के खिलाफ बताया है.

Latest articles

जनसेवा ही प्रशासनिक सेवा का सर्वोच्च उद्देश्य, संवेदनशीलता और निष्पक्षता से करें कार्य : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास...

राजस्थान में कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ टैक्स फ्री घोषित

जयपुर। राजस्थान सरकार ने बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत अभिनीत हालिया रिलीज फिल्म...

अकाल तख्त ने सीएम भगवंत मान को पंथ विरोधी करार दिया, आप ने फैसले पर उठाए सवाल

चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में सोमवार को उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया...

व्यापमं घोटाले के 847 आरोपियों के खिलाफ एक ही गवाह, सुरक्षा भी नहीं

भोपाल। मप्र के सबसे चर्चित और देश के सबसे बड़े भर्ती घोटालों में से...

More like this

भेल में अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणालियों का उद्घाटन— ईडी ने किया शुभारंभ

भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल के कार्यपालक निदेशक (ईडी) पीके उपाध्याय ने...

एक जिला एक उत्पाद’ नीति से राजस्थान के स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने...

1 अप्रैल से भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदना होगा महंगा, 740 लोकेशन पर बढ़ेगी कलेक्टर गाइड लाइन

भोपाल राजधानी भोपाल में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। जिले की कुल...