15.7 C
London
Tuesday, June 16, 2026
Homeराजनीतिखूब रजिस्ट्रेशन कराओ, देखता हूं कौन रोकता है...केजरीवाल ने महिला सम्मान योजना...

खूब रजिस्ट्रेशन कराओ, देखता हूं कौन रोकता है…केजरीवाल ने महिला सम्मान योजना की जांच के आदेश के बाद दी चुनौती

Published on

नई दिल्ली

दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने महिलाओं के लिए जिस कैश बेनिफिट स्कीम का ऐलान किया था, अब एलजी ने उसके लिए हो रहे रजिस्ट्रेशन की जांच के आदेश दिए हैं। एलजी सचिवालय ने दिल्ली के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कहा है कि इस मामले में डिविजनल कमिश्नर से जांच कराएं कि सरकार से बाहर के लोग नागरिकों से निजी डेटा क्यों ले रहे हैं। पत्र में ये भी कहा है कि दिल्ली के पुलिस कमिश्नर इस मामले में कानून के मुताबिक उन लोगों के खिलाफ ऐक्शन ले सकते हैं जो नागरिकों से निजी डेटा इकट्ठा कर रहे हैं। ये फैसला कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित की तरफ से AAP पर कथित स्कीम के नाम पर लोगों से संवेदनशील निजी डेटा इकट्ठा करने की शिकायत के बाद आई है। दीक्षित ने इस कदम का स्वागत किया है और कहा है कि सही से जांच हुई तो केजरीवाल जेल जाएंगे। उधर, आम आदमी पार्टी और उसके मुखिया अरविंद केजरीवाल एलजी के इस आदेश से भड़क गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी दिल्ली का चुनाव हार रही है, इसलिए वह महिला सम्मान योजना से बौखला गई है।

क्या है पूरा विवाद?
दिल्ली की आतिशी सरकार ने महिला सम्मान योजना के तहत 18 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये देने का वादा किया है। अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिन पहले स्कीम को लागू किए जाने का ऐलान करते हुए कहा था कि चुनाव बाद अगर AAP की जीत हुई तो इस स्कीम की राशि को 1000 रुपये से बढ़ाकर 2100 कर दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली में घर-घर जाकर इस कथित योजना के लिए लोगों का रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया है। AAP कार्यकर्ता महिला सम्मान योजना के अलावा ‘संजीवनी’ योजना के लिए भी रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं, जिसके तहत 60 साल से ऊपर के हर बुजुर्ग को निजी और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज का वादा किया गया है। दिलचस्प बात ये है कि दिल्ली सरकार के कुछ विभागों ने अखबारों में नोटिस देकर लोगों को आगाह किया है कि ऐसी कोई भी स्कीम अस्तित्व में नहीं है, लिहाजा किसी भी अनधिकृत व्यवक्ति को अपना निजी और गोपनीय डेटा न दें।

एलजी सचिवालय की तरफ से जारी लेटर में क्या है?
दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना के प्रिंसिपल सेक्रटरी ने दिल्ली के चीफ सेक्रटरी और पुलिस कमिश्नर को खत लिखा है। उसमें कहा गया है, ‘एलजी चाहते हैं कि सरकार से बाहर के लोगों द्वारा व्यक्तिगत विवरण जुटाए जाने के मामले में चीफ सेक्रटरी डिविजनल कमिशनर से जांच कराएं। आगे, पुलिस कमिश्नर अपने फील्ड अफसरों को निर्देश दे सकते हैं कि फायदा पहुंचाने के नाम पर नागरिकों से व्यक्तिगत विवरण जुटाकर उनकी निजता का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करें।’

बौखला गई है बीजेपी: अरविंद केजरीवाल
एलजी दफ्तर से महिला सम्मान योजना की जांच को लेकर चिट्ठी लिखे जाने के बाद आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने आनन-फानन में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी दिल्ली का चुनाव हार रही है और वह महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना से बौखलाई हुई है। उन्होंने चुनौती देने के लहजे में लोगों से अपील की है कि दोनों योजनाओं के तहत खूब रजिस्ट्रेशन कराइए, देखता हूं इसे कौन रोक लेता है। उन्होंने यह भी कहा कि वह जो कहते हैं, करके दिखाते हैं। दिल्ली की जनता के लिए वह जेल जाने के लिए भी तैयार हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘खूब रजिस्ट्रेशन कराओ, मैं देखता हूं कैसे रोकते हैं बीजेपी वाले। बीजेपी में हिम्मत नहीं हुई विरोध करने की। उसने संदीप दीक्षित से शिकायत करवाई। आप हमें चुनाव में जितवाइए, हम दोनों योजनाओं को लागू करके दिखाएंगे। मैं देखता हूं कैसे ये दोनों योजनाएं रोकते हैं। आप लोगों के लिए मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं, लेकिन योजनाएं नहीं रुकने देंगे। बीजेपी रजिस्ट्रेशन रोके, एलजी रोके, अमित शाह रोके रजिस्ट्रेशन, जनता जवाब देगी।’

LG नहीं, अमित शाह के दफ्तर से आया है आदेश: AAP
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में महिला सम्मान योजना को बीजेपी रोकना चाहती है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि ये आदेश एलजी ऑफिस से नहीं, अमित शाह के ऑफिस से आया है। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि महिला सम्मान योजना के लिए अबतक 22 लाख से ज्यादा महिलाओं ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। बीजेपी पर महिलाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए AAP ने दावा किया है कि चुनाव से पहले ही भाजपा हार मान चुकी है।

Latest articles

जनसेवा ही प्रशासनिक सेवा का सर्वोच्च उद्देश्य, संवेदनशीलता और निष्पक्षता से करें कार्य : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास...

राजस्थान में कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ टैक्स फ्री घोषित

जयपुर। राजस्थान सरकार ने बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत अभिनीत हालिया रिलीज फिल्म...

अकाल तख्त ने सीएम भगवंत मान को पंथ विरोधी करार दिया, आप ने फैसले पर उठाए सवाल

चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में सोमवार को उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया...

व्यापमं घोटाले के 847 आरोपियों के खिलाफ एक ही गवाह, सुरक्षा भी नहीं

भोपाल। मप्र के सबसे चर्चित और देश के सबसे बड़े भर्ती घोटालों में से...

More like this

भेल में अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणालियों का उद्घाटन— ईडी ने किया शुभारंभ

भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल के कार्यपालक निदेशक (ईडी) पीके उपाध्याय ने...

एक जिला एक उत्पाद’ नीति से राजस्थान के स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने...

1 अप्रैल से भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदना होगा महंगा, 740 लोकेशन पर बढ़ेगी कलेक्टर गाइड लाइन

भोपाल राजधानी भोपाल में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। जिले की कुल...