नई दिल्ली
दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल ने बुधवार को एक और बड़ा ऐलान किया. अरविंद केजरीवाल ने बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना लॉन्च कर दी है. इसके तहत राजधानी के 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों का इलाज निशुल्क होगा.केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि दिल्ली के हमारे सभी बुजुर्गों के लिए खुशखबरी है. दिल्ली में 60 साल से ज्यादा उम्र के सभी नागरिकों का इलाज मुफ्त होगा. ये केजरीवाल की गारंटी है. अब आइए जानते हैं इस योजना की खास बातें…
60 साल से ऊपर के सभी बुजुर्गों का पूरा इलाज फ्री कराया जाएगा। चुनाव के बाद इसके लिए योजना लेकर आएंगे। चाहे उनकी कितनी ही इनकम हो। अमीर गरीब सबका इलाज मुफ्त कराया जाएगा, चाहे वो सरकारी में इलाज कराएं या प्राइवेट अस्पताल में। उसका सारा खर्चा दिल्ली सरकार वहन करेगी। इसके लिए दो तीन दिन में रजिस्ट्रेशन चालू हो जाएगा। हमारे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता आपके घर आएंगे, और रजिस्ट्रेशन करके जाएंगे। चुनाव के बाद ये योजना पास करके हम आपके बुढ़ापे में आपको स्वस्थ रखने की जिम्मेदारी आपका ये बेटा पूरा करेगा। बदले में आप मुझे आर्शीवाद देना।
महिलाओं के लिए किया था ये ऐलान
मालूम हो कि पिछले हफ्ते ही केजरीवाल ने महिला सम्मान योजना का ऐलान किया था, जिसके तहत दिल्ली की 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये जबकि चुनाव जीतने के बाद 2100 रुपये मिलना शुरू हो जाएंगे. बता दें कि अगले साल दिल्ली में विधानसभा के चुनाव होने हैं. इसको लेकर केजरीवाल लगातार सक्रिय हैं. उम्मीदवारों का ऐलान भी आम आदमी पार्टी ने कर दिया है.
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं. सभी सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान के बाद केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी तो गायब है, उसके पास न तो सीएम फेस है और न ही टीम है. अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि उनका केवल एक ही नारा है, केवल एक ही नीति और एक ही मिशन है- केजरीवाल हटाओ. उनसे पूछो पांच साल क्या किया तो वो जवाब देते हैं- केजरीवाल को खूब गाली दी.
