नई दिल्ली,
दिल्ली में पता पूछने पर चाकूबाजी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक महिला पता पूछने पर इतना बौखला गई कि उसने चाकू लेकर डिलीवरी बॉय पर ताबतोड़ हमले कर दिए. सूचना मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महिला ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया और महिला सिपाही के बाल नोच डाले. पुलिस ने महिला के हमले से घायल डिलीवरी बॉय को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है.
आरोपी महिला की सारी हरकतें सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. मामला दिल्ली के द्वारका सेक्टर-23 का है. एक निजी कंपनी के लिए काम करने वाला डिलीवरी बॉय गोलू 18 अगस्त की रात डिलीवरी देने DDA के फ्लैट में गया था. यहां पता ना मिलने पर उसने 42 साल की एक महिला से एड्रेस पूछा. पता पूछने पर महिला भड़क गई और उसने चाकू लेकर तीन से चार बार युवक पर हमला कर दिया.
पुलिस की पीसीआर वैन तौड़ने लगी महिला
शोर-शराबा सुनकर वहां लोगों की भीड़ लग गई. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. महिला को शांत करने की कोशिश की गई. लेकिन महिला चाकू दिखाकर सबको डराने की कोशिश करती रही. महिला पुलिस ने वहां मौजूद कुछ महिलाओं की मदद से आरोपी महिला का चाकू छीना, लेकिन आरोपी महिला डंडा लेकर पुलिस की पीसीआर वेन समेत दूसरी गाड़ियों को तोड़ने लगी.
सोसायटी में घंटों तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
महिला पुलिसकर्मी ने जब आरोपी महिला को पकड़ने की कोशिश की तो उसने उनके ही बाल नोच डाले और हाथापाई भी की. कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह उस पर काबू पाया जा सका. जिसके बाद पुलिस उसे लेकर थाने पहुंच गई. यह हाईवोल्टेज ड्राम घंटों तक चलता रहा.
महिला की हरकतों से पूरी सोसायटी परेशान
बताया जा रहा है कि महिला सोसायटी में किराए का मकान लेकर अकेले रहती है और इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुकी है. लेकिन पुलिस से शिकायत न होने की वजह से उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. हालांकि, महिला की इन हरकतों से पूरी सोसायटी पहले से परेशान है.
पहले गाली-गलौज की, फिर चाकू से किया वार
वहीं, डिलीवरी बॉय गोलू ने बताया है कि वह एक राशन डिलीवरी ऐप कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है. 18 अगस्त की रात को वह डिलीवरी देने डीडीए फ्लैट में आया था. यहां उसने सड़क पर जा रही महिला से पता पूछा. जिसपर महिला ने गली-गलौज शुरू कर दी. पीड़ित कुछ समझ पाता उससे पहले ही महिला ने चाकू निकालकर उसके हाथ पर वार कर दिया.
स्कूटी की चाभी निकालकर झाड़ियों में फेंकी
हमले से घबराकर गोलू अपनी स्कूटी छोड़कर दूर खड़ा हो गया, इस बीच महिला ने उसकी स्कूटी गिरा दी और चाकू से उसे पंचर करने की कोशिश करने लगी. महिला ने स्कूटी की चाभी निकालकर झाड़ियों में फेंक दी. बाद में आरोपी महिला ने ईंट से गोलू की स्कूटी तोड़नी शुरू कर दी और घायल गोलू को दौड़ा-दौड़कर कई बार चाकू से वार किया.
महिला कांस्टेबल से भी की मारपीट, बाल नोचे
डिलीवरी बॉय ने आगे बताया कि उसका शोर सुनकर आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को शांत होने के लिए कहा. महिला पुलिस से भी गाली-गलौज करने लगी. महिला कांस्टेबल सुभांता ने महिला को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी महिला ने उनके बाल नोच लिए और मारपीट की. इस बीच अन्य स्टाफ ने महिला कांस्टेबल की मदद कर आरोपी महिला को दबोचा लिया.
