24.2 C
London
Tuesday, June 23, 2026
Homeराजनीतिराज्यपाल का पद लोकतंत्र पर बोझ, नौकरशाह परेशान होते हैं... और क्या-क्या...

राज्यपाल का पद लोकतंत्र पर बोझ, नौकरशाह परेशान होते हैं… और क्या-क्या बोले सिसोदिया?

Published on

नई दिल्ली

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का पद समाप्त कर दिया जाना चाहिए क्योंकि यह संस्था ‘लोकतंत्र पर बोझ’ बन गई है और इसकी भूमिका केवल गैर एनडीए दलों की सरकारों के कामकाज में बाधा डालना रह गई है। आबकारी नीति मामले में जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए सिसोदिया ने कहा कि उपराज्यपाल और निर्वाचित सरकार के बीच टकराव के कारण दिल्ली में नौकरशाह परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इससे वह दुखी हैं।

उन्होंने अफसोस जताया कि विभिन्न स्तरों पर शासन में ‘विभाजन’ के कारण सार्वजनिक सेवाएं और कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं और लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में उपराज्यपाल कार्यालय और आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के बीच शासन संबंधी कई मुद्दों पर मतभेद रहे हैं। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘लोकतंत्र की हत्या के कारण उपराज्यपाल और दिल्ली सरकार के बीच टकराव है। केंद्र सरकार ने चुनी हुई सरकार के अधिकार छीन लिए हैं। जब लोकतंत्र की हत्या होती है तो सभी पक्ष प्रभावित होते हैं। यहां तक कि सरकार के अधिकारी भी त्रस्त हैं और मुझे उनके लिए दुख है।’

‘नौकरशाह काम करने से डरते हैं’
सिसोदिया ने दावा किया कि नौकरशाह लोगों के कल्याण के लिए काम करने से डरते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि उन्हें ऊपरी स्तर से कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने याद दिलाया कि उच्चतम न्यायालय की संविधान पीठ ने फैसला दिया था कि निर्वाचित सरकार के पास निर्णय लेने का अधिकार है, लेकिन केंद्र इसके लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा, ‘वे निर्वाचित सरकार के अधिकारों को छीनने के लिए संसद के माध्यम से कानून लेकर आए। इसे मैं लोकतंत्र की हत्या कहता हूं।’

‘राज्यपाल का पद समाप्त कर दिया जाना चाहिए’
पिछले साल फरवरी में गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले सिसोदिया ने कहा कि राज्यपाल का पद समाप्त कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘इस पद को समाप्त कर देना चाहिए। हमें राज्यपाल की क्या आवश्यकता है– निर्वाचित सरकार को शपथ दिलाने के लिए? यह काम अन्य संस्थाएं भी कर सकती हैं। सरकारों को गिराने के अलावा उनका क्या काम है? इसके अलावा वे क्या कर रहे हैं?’ सिसोदिया ने कहा, ‘राज्यपाल एक संस्था के रूप में इस देश में बोझ बन गए हैं। वे निर्वाचित सरकार के कामकाज में बाधा डालने के अलावा कुछ नहीं कर रहे हैं। उम्मीद है कि इस समस्या का समाधान निकलेगा।’

‘यह मुद्दा न केवल दिल्ली में है, बल्कि…’
उन्होंने कहा कि यह मुद्दा न केवल दिल्ली में है, बल्कि पश्चिम बंगाल, केरल जैसे अन्य राज्यों में भी समस्याएं पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘यह प्रवृत्ति पूरे देश में चल रही है और तानाशाही को बढ़ावा दे रही है। तानाशाही के कारण दिल्ली और अन्य राज्यों में भी नुकसान हो रहा है।’ सिसोदिया ने आरोप लगाया, ‘राज्यपालों की नियुक्ति केवल निर्वाचित सरकार के कामकाज में बाधा डालने की उनकी क्षमताओं के आधार पर की जा रही है।’ दिल्ली सरकार और ‘आप’ शासित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को मानसून के इस मौसम में जलभराव के कारण हुई मौतों के बाद आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

‘मुझे बहुत दुख हुआ बच्चे की जान इस तरह चली गई।’
पिछले महीने ओल्ड राजेंद्र नगर में एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा, ‘मुझे बहुत दुख हुआ कि कैसे किसी के बच्चे की जान इस तरह चली गई।’ उन्होंने स्वीकार किया कि यह ‘शासन की विफलता’ है। उन्होंने कहा, ‘मैं यह नहीं कह सकता कि यह हमारी जिम्मेदारी नहीं है। यह सरकार की जिम्मेदारी है। शासन कई स्तरों पर बंटा हुआ है – एमसीडी है, दिल्ली सरकार है और फिर उपराज्यपाल हैं।’ सिसोदिया ने कहा, ‘अधिकारियों की नियुक्ति उपराज्यपाल करते हैं, लेकिन काम कराने के लिए मंत्री को उनसे अनुरोध करना पड़ता है। इस स्थिति के कारण कहीं न कहीं लोग परेशान हैं। आप लोकतंत्र को जितना कमजोर करेंगे, काम उतना ही धीमा होता जाएगा।’

Latest articles

मध्य प्रदेश में 52% कम बारिश, मानसून की देरी से आधा सूखा जून, 4 जिलों में लू, 30 में बारिश का अलर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक में हो रही देरी का असर बारिश...

भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव, प्रदेश कार्यसमिति और स्थायी आमंत्रित सदस्यों की घोषणा

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा से बड़ी खबर सामने आ रही है। पार्टी ने प्रदेश...

सोमनाथ मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक...

More like this

भेल में अत्याधुनिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्रणालियों का उद्घाटन— ईडी ने किया शुभारंभ

भोपाल। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) भोपाल के कार्यपालक निदेशक (ईडी) पीके उपाध्याय ने...

एक जिला एक उत्पाद’ नीति से राजस्थान के स्थानीय उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने...

1 अप्रैल से भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदना होगा महंगा, 740 लोकेशन पर बढ़ेगी कलेक्टर गाइड लाइन

भोपाल राजधानी भोपाल में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी खरीदना महंगा हो जाएगा। जिले की कुल...