तिरुवनन्तपुरम,
भारतीय टीम आज अपने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेलने उतरी है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का यह दूसरा मुकाबला तिरुवनन्तपुरम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मैथ्यू वेड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. अब उनके सामने मैच जीतने के लिए 236 रनों का टारगेट है.
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 235 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम का टी20 इंटरनेशनल में अब तक का यह सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले 20 सितंबर 2022 को मोहाली में खेले गए मैच में 6 विकेट पर 211 रन बनाए थे. ओवरऑल यह टी20 इंटरनेशनल का पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है.
भारतीय टीम की ओर से लगी 3 धांसू फिफ्टी
मौजूदा मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से तीन धांसू फिफ्टी लगीं. पहले यशस्वी जायसवाल ने 24 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी. यह टी20 इंटरनेशनल में उनका दूसरा अर्धशतक है. यशस्वी 25 गेंदों पर 53 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद ईशान किशन और फिर ऋतुराज गायकवाड़ ने फिफ्टी जमाईं.
ईशान किशन ने 32 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली और ऋतुराज गायकवाड़ के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 गेंदों पर 87 रनों की साझेदारी की. जबकि ऋतुराज ने 43 गेंदों पर सबसे ज्यादा 58 रनों की पारी खेली. आखिर में रिंकू सिंह ने 9 गेंदों में 31 रन जड़ दिए. ऑस्ट्रेलिया के लिए तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने 3 और मार्कस स्टोइनिस ने 1 विकेट लिया.
भारतीय टीम के विकेट ऐसे गिरे- (235/4, 20 ओवर्स)
पहला विकेट: यशस्वी जायसवाल (53), विकेट- नाथन एलिस (77/1)
दूसरा विकेट: ईशान किशन (52), विकेट- मार्कस स्टोइनिस (164/2)
तीसरा विकेट: सूर्यकुमार यादव (19), विकेट- नाथन एलिस (189/3)
चौथा विकेट: ऋतुराज गायकवाड़ (58), विकेट- नाथन एलिस (221/4)
भारतीय टीम को सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल
इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ. जबकि वेड ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं. जेसन बेहरेनडॉर्फ और एरॉन हार्डी को बाहर किया गया. उनकी जगह ग्लेन मैक्सवेल और एडम जाम्पा की एंट्री हुई है.इस सीरीज के लिए भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है. जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड के हाथों में है. सीरीज का पहला मैच विशाखापट्टनम में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने 2 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.
