अहमदाबाद
गुजरात बीजेपी में अंर्तकलह और पर्चाकांड के बाद जामनगर में दो महिला नेताओं के बीच सरेआम तू-तू मैं मैं ने पार्टी के लिए नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है।जामनगर शहर में ‘मेरी माटी-मेरा देश’ कार्यक्रम में जामनगर नार्थ से विधायक और क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा स्थानीय सांसद पूनम माडम पर भड़क गईं। रिवाबा जाडेजा और जामनगर मेयर बीनाबेन कोठारी की सरेआम हुई तू तू मैं मैं जब बढ़ गई तो वहां जामनगर की सांसद को बीच बचाव में आना पड़ा। यह घटना होते ही जामनगर बीजेपी में हड़कंप मच गया है।
कार्यक्रम में फूटा गुस्सा
जामनगर शहर के लाखोटा झील पर पीएम नरेंद्र मोदी की मुहिम ‘मेरी माटी, मेरा देश’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में जामनगर की सांसद पूनम माडम और जामनगर की मेयर बीनाबेन कोठारी के साथ बीजेपी की विधायक रीवाबा जाडेजा भी पहुंची थीं। इसी मौके पर भारी संख्या में पुलिस और प्रशासन के लोग भी मौजूद थे। तभी किसी बात को लेकर विधायक रिवाबा जडेजा और मेयर बीनाबेन कोठारी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विधायक रिवाबा जाडेजा ने कहा कि शांत रहें और ज्यादा होशियार न बनें, इसके पीछे आप ही हैं। चुनाव के दौरान मैंने आप जैसे तमाम बड़े लोगों को देखा है। झगड़ा बढ़ने पर वहां मौजूद पूनम माडम ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन गुस्से में तमतमाई रिवाबा जडेजा ने मेयर बीनाबेन कोठारी को काफी कुछ सुना दिया।
