झारग्राम (पश्चिम बंगाल)
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर के आदिवासी संकट का सामना कर रहे हैं और उनकी तकलीफें सुनने वाला कोई नहीं है। झारग्राम के तीन दिवसीय प्रशासनिक दौरे पर आईं ममता बनर्जी ने पूर्वोत्तर राज्य के हालात से निपटने में असफल रहने को लेकर बीजेपी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने दुनिया भर के लोगों से उनके लिए प्रार्थना करने को कहा। भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी को देश छोड़ देना चाहिए।
हम बीजेपी से भारत छुड़वाने की कसम लेते हैं
टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा कि मणिपुर में आदिवासी संकट का सामना कर रहे हैं। उनकी तकलीफें सुनने वाला कोई नहीं है। भारत में दलितों को प्रताड़ित किया जा रहा है और केंद्र को कोई फर्क नहीं पड़ता है। भारत छोड़ो दिवस पर हम बीजेपी से भारत छुड़वाने की कसम लेते हैं।
बजट न देने पर केंद्र से जंग का ऐलान
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस की ओर से एक गैर-शिक्षाविद को एक विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किए जाने का हवाला देते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि राज्यपाल का पद संवैधानिक है और इसकी संवैधानिक सीमाएं हैं। केंद्र सरकार पर राज्य के हिस्से का धन जारी नहीं करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा कि हम केंद्र सरकार की ओर से पश्चिम बंगाल को नजरअंदाज किए जाने के खिलाफ लड़ेंगे।
