4.9 C
London
Saturday, April 25, 2026
Homeराष्ट्रीयपारा@49 डिग्री...गर्मी से धधक रही दिल्ली, डरा रहा हीट इंडेक्स और ह्यूमिडिटी...

पारा@49 डिग्री…गर्मी से धधक रही दिल्ली, डरा रहा हीट इंडेक्स और ह्यूमिडिटी का कनेक्शन

Published on

नई दिल्ली

देश की राजधानी दिल्ली आजकल ‘आग की भट्ठी’ की तरह तप रही है। भीषण गर्मी ने लोगों को बुरी तरह झुलसा रखा है। गर्मी के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। हर कोई आसमान की तरफ देखकर बादलों के बरसने का इंतजार कर रहा है। लेकिन भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिल्ली के मुंगेशपुर और नरेला में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया। मुंगेशपुर और नरेला में अधिकतम तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। नजफगढ़ में भी अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में रेकॉर्ड गर्मी
दिल्ली में मंगलवार को दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान 50 डिग्री के निशान से थोड़ा कम रहा। उत्तर पश्चिम दिल्ली के मुंगेशपुर और उत्तर दिल्ली के नरेला में 49.9 डिग्री सेल्सियस, उसके बाद दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नांगलोई में 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस गर्मी में शहर के किसी भी मौसम स्टेशन पर दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इन स्थानों पर स्वचालित मौसम स्टेशन हैं, जिनके लिए 2022 के बाद से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार यह अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

गर्मी से कब मिलेगी राहत?
दिल्लीवालों को 30 मई तक भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी। 30 मई के बाद से ही राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में 31 मई और पहली जून को गरज चमक के साथ तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर भीषण गर्मी के साथ ह्यूमिडिटी का बढ़ता ग्राफ सेहत के लिए काफी खतरनाक है। नमी और गर्मी का मेल मानव स्वास्थ्य के लिए बुरा है क्योंकि लोग पसीने से ठंडा हो जाते हैं। हीट इंडेक्स इसे मापने का एक तरीका है, जो सापेक्ष आर्द्रता और परिवेश के तापमान दोनों को ध्यान में रखता है।

ह्यूमिडिटी पर एक्सपर्ट की राय?
ह्यूमिडिटी का स्तर बढ़ने से भारत के महानगरों में गर्मी बढ़ रही है जहां एक दशक पहले की तरह रात तक में मौसम ठंडा नहीं हो रहा है। यह बात ‘सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरन्मेंट’ (सीएसई) की एक नई रिपोर्ट में कही गई है। सीएसई ने जनवरी 2001 से अप्रैल 2024 तक छह महानगरों- दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई के लिए ग्रीष्मकालीन हवा के तापमान, भूमि की सतह के तापमान और सापेक्ष आर्द्रता डेटा का विश्लेषण किया। थिंक टैंक ने कहा कि बढ़ी हुई आर्द्रता सभी जलवायु क्षेत्रों में गर्मी की स्थिति को बढ़ा रही है, यहां तक कि दिल्ली और हैदराबाद में हवा के तापमान में मामूली गिरावट भी बेअसर साबित हो रही है। बेंगलुरु को छोड़कर, 2001-2010 के औसत की तुलना में 2014-2023 तक अन्य पांच महानगरों में ग्रीष्मकालीन औसत सापेक्ष आर्द्रता 5-10 प्रतिशत बढ़ गई। सीएसई की रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब भीषण गर्मी भारत के बड़े हिस्से में स्वास्थ्य और आजीविका को प्रभावित कर रही है।

भयंकर बीमारी का खतरा
सीएसई में अनुसंधान मामलों की कार्यकारी निदेशक अनुमिता रॉय चौधरी ने कहा, ‘शहरी केंद्रों के लिए एक व्यापक ताप प्रबंधन योजना विकसित करने के लिए दिन और रात के तापमान के साथ-साथ गर्मी, सापेक्ष आर्द्रता और भूमि की सतह के तापमान में बदलती प्रवृत्ति का आकलन करना आवश्यक है।’ सीएसई की नगर प्रयोगशाला के वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक अविकल सोमवंशी ने कहा कि भीषण गर्मी और आर्द्रता से निपटना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह मानव शरीर के मुख्य शीतलन तंत्र ‘पसीने’ को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा, ‘त्वचा से पसीने का वाष्पीकरण हमारे शरीर को ठंडा करता है, लेकिन उच्च आर्द्रता स्तर इस प्राकृतिक ठंडक को सीमित कर देता है। परिणामस्वरूप, लोग गर्मी और बीमारी से पीड़ित हो सकते हैं।’ स्टडी में कहा गया कि महानगरों में रात में भी ठंडक नहीं हो रही है।

डरा रही भीषण गर्मी
सोमवंशी ने कहा, ‘गर्म रातें दोपहर के चरम तापमान जितनी ही खतरनाक होती हैं। अगर रात भर तापमान अधिक रहता है तो लोगों को दिन की गर्मी से उबरने का मौका कम मिलता है।’ स्टडी में कहा गया कि आर्द्रता के बढ़ते स्तर ने दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में मानसून को मानसून पूर्व अवधि की तुलना में अधिक गर्म बना दिया है। इसमें कहा गया कि पिछले दो दशकों में सभी महानगरों में अधिक कंक्रीटीकरण हुआ है जिससे गर्मी की स्थिति बढ़ गई है। सीएसई ने इस बात पर प्रकाश डाला कि ग्रीन कवर में वृद्धि रात की गर्मी को कम करने में प्रभावी नहीं है।

Latest articles

मंत्री प्रहलाद पटेल का भेल हेवु भारतीय मजदूर संघ ने किया सम्मान

भोपाल। मध्यप्रदेश श्रम एव पंचायत ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल का भेल हेवु भारतीय...

पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाकर विकसित भारत की नींव मजबूत कर रही सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित...

समन्वय और टीम वर्क से सुलझाएं जनता की समस्याएं, अंतिम छोर तक पहुंचाएं लाभ : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'लोक सेवा दिवस' के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय...

More like this

बंगाल चुनाव में ‘बंपर वोटिंग’, आज़ादी के बाद बना नया रिकॉर्ड, पहले चरण में 93% मतदान

तमिलनाडु के इतिहास में अब तक की सबसे ज़्यादा 85% वोटिंग कोलकाता। पश्चिम बंगाल और...

पहलगाम हमले की बरसी: PM मोदी ने जान गंवाने वाले निर्दोषों को याद किया, कहा- आतंक के आगे भारत कभी नहीं झुकेगा

नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावुक...

महिला आरक्षण बिल पास नहीं हुआ, PM बोले- माफी मांगता हूं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पीएम...