मुंबई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अध्यक्ष शरद पवार ने बीजेपी के साथ सत्ता में आए अपने सहयोगियों पर जोरदार हमला बोला। शरद पवार ने इस बार बिना किसी का नाम लिए आलोचना की। शरद पवार ने रविवार को कहा कि कुछ सदस्यों ने पार्टी छोड़ी, क्योंकि केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जरिए उनके खिलाफ जांच शुरू की थी। अपने भतीजे अजित पवार का नाम लिए बिना पवार ने कहा कि उनका दावा कि वे विकास के लिए सरकार का हिस्सा बनना चाहते थे, लेकिन यह सच नहीं है। अजित पवार के नेतृत्व में एनसीपी विधायकों के एक गुट ने पिछले महीने बगावत कर की दी थी और महाराष्ट्र की शिवसेना- भारतीय जनता पार्टी (BJP) गठबंधन सरकार में शामिल हो गए थे।
शरद पवार ने दावा किया कि पूर्व में कुछ बदलाव हुए थे। हमारे कुछ सदस्य हमें छोड़ कर चले गए। वे (अजित पवार गुट) कहते हैं कि वे विकास के लिए गए, लेकिन यह बिल्कुल सच नहीं है। केंद्र ने उनके खिलाफ ईडी की जांच शुरू कराई थी और वे एनसीपी छोड़ गए। कुछ सदस्यों (अजित पवार गुट के) से कहा गया था कि वे उनके (BJP) साथ आएं, नहीं तो उन्हें कहीं और भेज दिया जाएगा।
शरद पवार महाराष्ट्र प्रदेश एनसीपी पार्टी सोशल मीडिया विभाग की ओर से पुणे में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल, पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड भी मौजूद थे।
अनिल देशमुख ने किया जांच का सामना- शरद पवार
सोशल मीडिया पर पार्टी की ओर से आयोजित एक मीटिंग में एनसीपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पवार ने कहा, “अनिल देशमुख जैसे कुछ लोगों ने जांच का सामना किया और जेल जाना स्वीकार किया. उन्होंने जेल में 14 महीने बिताए. उन्हें जांच से बचने के लिए उस पक्ष (बीजेपी) में शामिल होने की पेशकश भी की गई, लेकिन उन्होंने अपनी विचारधारा नहीं छोड़ी और एनसीपी नहीं छोड़ने के अपने फैसले पर अड़े रहे.”
अजित पवार ने जुलाई में उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जबकि उनके समर्थक आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। शरद पवार ने कहा कि राज्य सरकार को महाराष्ट्र के आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य बेरोजगारी जैसी समस्या का सामना कर रहा है, किसान भी परेशान हैं।
‘जनता की समस्याओं पर ध्यान दे सरकार’
पवार ने कहा कि उन्होंने (अनिल देशमुख ने) कोई अपराध नहीं किया है और कानून का सामना करने का फैसला किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को महाराष्ट्र की जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए. राज्य कई समस्याओं का सामना कर रहा है. लोग बेरोजगारी जैसी समस्या से जूझ रहे हैं. वहीं, किसान भी पीड़ित हैं.
उपमुख्यमंत्री बने अजित पवार
बता दें कि हाल ही में अजित पवार अपने समर्थक विधायकों के साथ महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो गए थे. इसके बाद उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जबकि एनसीपी के आठ अन्य विधायकों ने भी जुलाई में मंत्री पद की शपथ ली थी.
