सियोल
बात-बात पर परमाणु बम की धमकी देने वाला उत्तर कोरिया का तानाशाह किम जोंग उन गंदी हरकत पर उतर आया है। उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के अंदर एक बार फिर कचरे से भरे सैकड़ों गुब्बारे भेजे हैं। दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा है कि सीमा पर उत्तर कोरिया की तरफ से 600 गुब्बारे भेजे गए हैं, जिनमें कचरा भरा हुआ है। दक्षिण कोरिया की तरफ से विशेष सूट पहने कर्मियों को कूड़े के ढेर को इकठ्ठा करते देखा गया है। किम जोंग ने जो कूड़ा भेजा है, उसमें सिगरेट के टुकड़ों से लेकर कार्डबोर्ड और प्लास्टिक के टुकड़े तक शामिल हैं।
दक्षिण कोरिया ने पड़ोसी देश के तानाशाह की इस उकसावे वाली कार्रवाई को तर्कहीन और निम्न श्रेणी का बताया है। सियोल ने चेतावनी दी है कि अगर उत्तर कोरिया ‘गुब्बारों की बमबारी’ बंद नहीं करता, तो उसके खिलाफ ‘कड़े जवाबी कदम’ उठाए जाएंगे। दक्षिण कोरिया ने इस कार्रवाई को युद्धविराम समझौते के खिलाफ बताया है, जिसके तहत 1950-53 के कोरियाई युद्ध में शत्रुता समाप्त हुई थी।
सेना ने लोगों को सतर्क रहने को कहा
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ (JCS) ने लोगों से कूड़े के ढेर से दूर रहने का आह्वान किया है। हालांकि, इसमें अभी कोई खतरनाक पदार्थ नहीं मिला है। जेसीएस ने बताया कि मंगलवार से प्योंगयांग ने दक्षिण कोरिया की तरफ लगभग 900 गुब्बारे भेजे हैं। गुब्बारों की नवीनतम लहर शनिवार देर रात आनी शुरू हुई। स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह 10 बजे तक 600 गुब्बारे देखे गए हैं।
असफलता से ध्यान हटाना चाह रहा उत्तर कोरिया?
उत्तर कोरिया द्वारा कचरे के गुब्बारे उड़ाया जाना हाल के वर्षों में दक्षिण कोरिया के प्रति सबसे विचित्र उकसावे वाला कदम है। उत्तर कोरिया की तरफ से ये गुब्बारे प्योंगयांग का अंतरिक्ष मिशन फेल होने के बाद से भेजे जाने शुरू हुए हैं। उत्तर कोरिया का उपग्रह प्रक्षेपण मिशन सोमवार को असफल हो गया था। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने सैन्य वैज्ञानिकों से उपग्रह प्रक्षेपण में मिली असफलता से उबरने और अंतरिक्ष में अपनी टोही क्षमताओं को विकसित करने को कहा था, जिसके बाद ये गुब्बारे उड़ाए गए।
