‘जिंदगी बड़ी होनी चाहिए लंबी नहीं बाबू मोशाय” .. फिल्म आनंद का ये डायलॉग जिंदगी को जिंदा दिल के साथ जीने की सीख देता है। हर पल की खुशी को महसूस करने की सलाह देता है लेकिन दुनिया में कुछ देश ऐसे हैं जहां लोग सबसे ज्यादा दुखी हैं, हर साल जारी होने वाली वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट में इन देशों की जानकारी दी गई है।
दरअसल सोशल सिक्योरिटी, हेल्थ, इनकम, फ्रीडम, करप्शन और उदारता की भावना के आधार पर ये रिपोर्ट तैयार की जाती है। क्योंकि इंसान के खुश रहने के लिए इन 6 चीजों का होना बेहद जरूरी है। जो देश इस पैमाने पर फिट नहीं बैठता या फिर उसे कम अंक मिलते हैं, उसे सबसे दुखी देश माना जाता है। ऐसे में आपको दुनिया के टॉप दुखी देशों की लिस्ट बता रहे हैं, वहीं भारत भले ही इस लिस्ट में शामिल न हो लेकिन भारत की स्थिति भी निराश करने वाली है।
अफगानिस्तान
137 देशों की लिस्ट में अफगानिस्तान सबसे आखिरी पायदान पर है यानी कि अफगानिस्तान सबसे दुखी है। जहां बेरोजगारी, आतंकवाद और आर्थिक कारणों की वजह से लोग परेशान हैं। तालिबान के क्रूर शासन की वजह से यहां के लोग निराशा से भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास के बावजूद इस देश के लोग संघर्ष कर रहे हैं।
हैरान करने वाली भारत की स्थिति
भारत भले ही इस लिस्ट में शामिल न हो लेकिन भारत की स्थिति भी निराश करती है क्योंकि वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट में 137 देशों की लिस्ट में भारत 125 वें स्थान पर है। यानी यह दुनिया का 12वां सबसे दुखी देश है। भले ही भारत दुनिया में तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था बन रहा हो लेकिन यहां के लोग अब भी दुखी हैं।
लेबनान
अफगानिस्तान के बाद लेबनान को दूसरा सबसे कम खुशहाल और दुखी देश माना गया है। काफी खूबसूरत होने के बाद भी लेबनान सामाजिक-राजनीतिक उथल-पुथल के साथ ही आर्थिक अस्थिरता झेल रहा है। इस देश के लोग समाज और सरकार से नाखुश हैं। जो उनके दुख का कारण है।
सिएरा लियोन
सबसे दुखी देशों की लिस्ट में सिएरा लियोन दुनिया में तीसरे और अफ्रीका में पहले स्थान पर है। इस देश की आर्थिक स्थिति बिल्कुल भी ठीक नहीं है देश राजनीतिक उथल-पुथल से जूझ रहा है। समाज में शांति न होने की वजह से इस देश के लोग परेशान ही रहते हैं।
जिम्बाब्वे
वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट में जिम्बाब्वे की हालत युद्ध से घिरे अफगानिस्तान, लेबनान और सिएरा लियोन की तुलना में थोड़ी ठीक है। जिम्बाब्वे उतार-चढ़ाव भरे इतिहास के साथ ही कई चुनौतियों से जूझ रहा है, जिससे यहां की आबादी प्रभावित है लोग निराश और हताश हो गए हैं।
डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो
दुखी देशों में 5वां नंबर डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो देश का है जो लंबे समय से संघर्ष, राजनीतिक उथल-पुथल, तानाशाही शासन और लोगों का जबरदस्ती पलायन झेल रहा है। कई चुनौतियों से घिरे इस देश में लोग काफी दुखी रहने लगे हैं उनके सिर्फ निराशा और हताशा दिखती है।
