आगरा:
चेक गणराज्य से ताजमहल देखने आई एक विदेशी महिला के साथ अश्लील हरकतें करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी विदेशी महिला को अपनी पैंट की जिप खोलकर अपना प्राइवेट दिखा रहा था। विदेशी महिला ने पर्यटन थाना पहुंचकर आरोपी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ताजगंज का रहने वाला करण राठौर है।
पर्यटन थाना पुलिस ने बताया कि चेक गणराज्य की युवती अपने ग्रुप के साथ 3 अप्रैल को आगरा भ्रमण पर आई थी। दोपहर करीब 1:30 बजे वह ताजमहल देखने के लिए पश्चिमी गेट की पार्किंग पर अपने साथियों का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान करण राठौर पुत्र छोटेलाल राठौर निवासी तुलसी चबूतरा थाना ताजगंज ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसे छूने की कोशिश की। विरोध करने पर वह हट गया और कुछ दूर जाकर फिर उसने अपनी पैंट की ज़िप खोली और अश्लील हरकत करने लगा। महिला पर्यटक सहम गई। पार्किंग की ओर जाकर अपने साथियों को बताया। गाइड की मदद से घटना की जानकारी पर्यटन थाने को दी और शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा आरोपी
पीड़िता की शिकायत पर थाना पर्यटन पुलिस एक्टिव हो गई। तत्काल महिला द्वारा बताई गई जगह पर पहुंची। ताजमहल के पश्चिमी गेट की पार्किंग के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की। अभियुक्त की फुटेज निकाल कर जानकारी की। पीड़िता ने आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि आरोपी करण राठौर के खिलाफ बीएनएस की धारा 75 (1) 78 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
विदेशी ले जा रहे कटु अनुभव
आगरा में विदेशी पर्यटक ताजमहल देखने के लिए हजारों किलोमीटर दूरी तय करके आते हैं। विदेशी पर्यटकों के साथ ताजमहल के आसपास धोखाधड़ी और छेड़खानी जैसी घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। कई विदेशी पर्यटकों को एंपोरियम कारोबारियों ने ठगा है। उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी करती है, लेकिन इसके बावजूद भी लोगों में कोई सुधार नहीं हो रहा है। हालांकि, ताजमहल के दोनों गेट पूर्वी और पश्चिमी के पास पुलिस की क्यूआरटी तैनात रहती है। इसके बावजूद भी विदेशी मेहमानों के साथ ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। विदेशी मेहमान आगरा से अपने साथ हुए कटु अनुभवों को साथ ले जाते हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख खराब होती है।
