पटना
बिहार की सत्ताधारी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने मणिपुर की घटना को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर अटैक किया है। उन्होंने मणिपुर की घटना को शर्मसार करने वाला बताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को शर्म आनी चाहिए। मणिपुर में डबल इंजन की सरकार है और 77 दिन के बाद जब वीडियो वायरल होता है तब इस घटना की जानकारी देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को होती है। ललन सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर पीएम और गृहमंत्री का इंटेलिजेंस क्या कर रहा था। पीएम मोदी और गृह मंत्री क्या कर रहे थे।
ललन सिंह बोले- सर्वोच्च अदालत ने संज्ञान लिया
ललन सिंह ने कहा कि हद तो तब हो गई जब देश के सर्वोच्च न्यायालय ने मामले पर संज्ञान लिया। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जुबान से दो बातें निकलीं। विदेश में जाकर भले ही आंकड़ा बताएं लेकिन मणिपुर की घटना से देश का मान सम्मान दोनों घटा है। आपको यह चाहिए कि देश के अंदर जो समस्या है उन समस्याओं पर विचार करें और उन समस्याओं को खत्म करने पर विचार करें लेकिन आप तो आदमी जमाकर विदेश में जाकर जय-जयकारा लगवाते हैं।
बेगसराय की घटना पर ये बोले जेडीयू अध्यक्ष
वहीं जब बेगूसराय में लड़की से हुई बदसलूकी की घटना पर उनसे सवाल किया गया तो जेडीयू अध्यक्ष ने कहा कि सुशासन की सरकार में 24 घंटे के अंदर एक्शन हुआ। बेगूसराय घटना की घटना का मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। यही सुशासन है। बयानवीर लोगों को यह समझ में नहीं आएगा उनके सिर के ऊपर की चीज है यह। वहीं मुजफ्फरपुर में फायरिंग और मर्डर की घटना पर उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई करने में लगी है। हर केस में एक्शन होगा।
संसद में गतिरोध पर क्या कहा जानिए
ललन सिंह से संसद में चल रहे गतिरोध के बारे में सवाल किया तो उन्होंने इस पर भी कमेंट किया। उन्होंने कहा कि सोमवार को सुबह 10 बजे सभी विपक्षी दलों की संसद में बैठक होगी। मणिपुर के घटना पर फिर विचार होगा। हम लोग किसी भी हालत में देश के प्रधानमंत्री से कम किसी का वक्तव्य अब नहीं चाहते हैं। देश के गृह मंत्री क्या बोलेंगे अब अगर बयान देना है तो संसद में देश के प्रधानमंत्री को देना है।
