चेन्नई,
तमिलनाडु पुलिस ने राजनीतिक विश्लेषक और लेखक बद्री शेषाद्रि को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है. उन पर यूट्यूब में एक साक्षात्कार के दौरान मणिपुर हिंसा और भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ पर कथित ‘भड़काऊ’ टिप्पणी करने का आरोप है.बताया जा रहा है कि शेषाद्रि ने इंटरव्यू में कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अगर आप (सरकार) कुछ नहीं कर सकते तो हम (कोर्ट) करेंगे. आइए उन्हें (CJI) को बंदूक दे दें और उन्हें वहां भेज दें. देखते हैं कि क्या वह शांति बहाल कर पाते हैं?
हिंसा होने से नहीं रोक सकते: शेषाद्रि
इंटरव्यू में आगे शेषाद्रि ने कहा,’यह एक पहाड़ी और जटिल क्षेत्र है और वहां हत्याएं होंगी. हम हिंसा होने से नहीं रोक सकते. आज तक को मिली एफआईआर में दर्ज विवरण के मुताबिक शेषाद्रि के खिलाफ शिकायत वकील कवियारासु ने की थी. शिकायत में वकील ने कहा कि उन्होंने 22 जुलाई को यूट्यूब इंटरव्यू की क्लिप देखी, जिसमें शेषाद्रि ने सुप्रीम कोर्ट और सीजेआई चंद्रचूड़ की आलोचना की थी.
बीजेपी ने की गिरफ्तारी की निंदा
इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने शेषाद्रि की गिरफ्तारी की निंदा की और कहा कि द्रमुक सरकार केवल गिरफ्तारी पर भरोसा कर रही है. तमिलनाडु भाजपा बद्री शेषाद्रि की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करती है. यह भ्रष्ट द्रमुक सरकार आम लोगों के विचारों को संबोधित करने की शक्ति के बिना केवल गिरफ्तारी पर भरोसा कर रही है.
