नई दिल्ली
यूपी की अमेठी सीट पर लंबे समय तक राहुल गांधी से सियासी लड़ाई लड़ने वाली बीजेपी की कद्दावर नेता स्मृति इरानी ने राहुल गांधी की सफेट टी-शर्ट पर टिप्पणी की है। ऐसे में एक बार फिर राहुल गांधी की सफेट टी-शर्ट सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। आइए जानते हैं आखिर स्मृति इरानी ने राहुल की सफेद टी-शर्ट को लेकर क्या कहा है। दरअसल स्मृति इरानी ने एक पॉडकास्ट में राहुल गांधी की नई राजनीति के बारे में खुलकर बात की। इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी की सफेद टी-शर्ट का जिक्र भी छेड़ दिया।
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि राहुल गांधी की पॉलिटिक्स में एक चेंज आया है। राहुल पार्लियामेंट में टी-शर्ट पहनकर आते हैं। वो जानते हैं कि उस सफेद टी शर्ट से वह युवा पीढ़ी को क्या संदेश दे रहे हैं। हम इस मुगालते में न रहें कि उनका कोई भी कदम चाहे वो अच्छा है या नहीं, या वो कदम बचकाना लगे… लेकिन अब वो एक अलग पॉलिटिक्स कर रहे हैं।’ स्मृति इरानी का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल है। बता दें कि 2019 लोकसभा चुनाव में स्मृति इरानी ने राहुल गांधी को हराया था। लेकिन इरानी को 2024 में गांधी परिवार के वफादार किशोरी लाल शर्मा से करारी हार का सामना करना पड़ा।
टी-शर्ट के सवाल पर क्या बोले थे राहुल?
कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समय से सफेद ‘टी-शर्ट’ राहुल की खास ड्रेस रही थी। उनकी इस टी-शर्ट वाले अंदाज ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। यह पूछे जाने पर कि वह हमेशा इसे क्यों पहनते हैं, राहुल ने कहा था कि यह ‘पारदर्शिता’ और ‘सादगी’ का संदेश देती है। मैं कपड़ों के बारे में ज्यादा परवाह नहीं करता। मैं इसे साधारण रखना चाहता हूं।’ उस दौरान राहुल गांधी का टी-शर्ट वाला अंदाज सोशल मीडिया पर काफी वायरल था।
