नई दिल्ली
प्रियंका गांधी ने आज संसद में अपने भाई राहुल गांधी पर लगे आरोपों पर कहा कि राहुल जी बीआर आंबेडकर जी की फोटो लेकर शांतिपूर्वक जय भीम का नारा लगाते हुए संसद में जा रहे थे। संसद में जाने से किसने रोका? आप देख लीजिए। हम इतने दिनों से प्रोटेस्ट कर रहे हैं, साइड में कर रहे हैं, कोई भी आ रहा है, जा रहा है, उसको पूरा रास्ता है। कितने दिन से प्रोटेस्ट हो रहे हैं शांतिपूर्वक, रोज साढ़े 10 से 11 बजे तक। आज पहली बार इन्होंने प्रोटेस्ट किया। सबको रोक दिया। धक्का-मुक्की और गुंडागर्दी। सिर्फ अमित शाह की खाल बचाने के लिए ये अब इन्होंने साजिश शुरू की है कि भैया ने किसी को धक्का मारा। मेरे आंखों के सामने हुआ, आप सबने देखा कि कैसे खरगे जी को धक्का मारकर जमीन पर गिराया। उसके बाद एक सीपीएम के सांसद को धक्का मारा, वो खरगे जी पर गिरे। हम रोज प्रदर्शन कर रहे हैं,आज तक कुछ नहीं हुआ। उनके मुंह से जय भीम का नारा नहीं निकल सकता।
शाम 4 बजे राहुल गांधी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि गांधी के धक्का देने की वजह से उनके दो सांसद घायल हो गए। दूसरी तरफ कांग्रेस ने बीजेपी पर मल्लिकार्जुन खरगे को धक्का देने का आरोप लगाया है।
बीजेपी सांसदों के खिलाफ कांग्रेस ने स्पीकर को भेजी शिकायत
कांग्रेस के सांसदों ने स्पीकर से मुलाकात की और बीजेपी सांसदों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि जब राहुल गांधी संसद में घुसने की कोशिश कर रहे थे तब बीजेपी के सांसदों ने उन्हें घुसने नहीं दिया। तब उन्होंने सदन में जाने के लिए धक्का दिया।
महिला सांसद ने राहुल गांधी पर लगाया बदसलूकी का आरोप
राज्यसभा सांसद एस. फैंगनन कोनयाक ने राज्यसभा के सभापति को खत लिखा है। उन्होंने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। उन्होंने पत्र में लिखा है, ‘मेरी गरिमा और आत्म-सम्मान को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गहरी चोट पहुंचाई है।’ बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्यसभा में भी ये मुददा उठाया और राहुल गांधी की आलोचना की।
