मुंबई
महाराष्ट्र की शिंदे-फडणवीस सरकार के बीच एक बार फिर अनबन की खबरें जोर पकड़ रही हैं। बीते कुछ दिनों से शिंदे गुट के विधायकों के नाराज होने की खबर सामने आ रही है। अब तक कभी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तो कभी आगामी विधानपरिषद चुनाव को लेकर शिंदे गुट के विधायकों द्वारा नाराजगी जाहिर करने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, इन खबरों को लेकर शिंदे गुट की तरफ से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। इन सबके बीच शिंदे गुट के एक और विधायक के नाराज होने की खबर सामने आयी है, हालांकि, इस बार कारण थोड़ा अलग है। शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट ने कहा है कि बीते तीन दिनों से उनको उपलब्ध कराई गई सुरक्षा को हटा लिया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा हटाए जाने की वजह से उनकी जान को खतरा पैदा हो चुका है। ऐसे में अगर उनके साथ कोई भी अनहोनी हुई तो इसका जिम्मेदार पुलिस विभाग होगा।
संजय शिरसाट के मुताबिक जीप उपलब्ध न होने की वजह से उनके सिक्योरिटी बीते तीन दिनों से हटाई गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही मौके का फायदा उठाने की फिराक में विरोधी रहते हैं। संजय शिरसाट ने कहा कि वह इस संबंध में राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी बात करेंगे। संजय शिरसाट इसके पहले भी अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। हालांकि, उस समय नाराजगी की वजह दूसरी थी। तब उनकी नाराजगी शिंदे-फडणवीस सरकार के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर थी। छह महीने गुजर जाने के बाद में जब सरकार का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हुआ था। जिस पर शिरसाट के नाराज होने की खबरें सामने आई थी।
बच्चू कडू भी जता चुके हैं नाराजगी
शिंदे-फडणवीस सरकार में अपनी नाराजगी का मुजाहिरा प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया बच्चू कडू भी कर चुके हैं। हाल में उन्होंने विधान परिषद की पांच सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का नाम भी घोषित किया था। उन्होंने यह तर्क दिया था कि शिंदे-फडणवीस सरकार ने इस चुनाव के संबंध में कोई भी चर्चा उनके साथ नहीं की थी। इसके पहले भी सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्री न बनाए जाने पर कडू अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उन्हें उम्मीद थी कि कैबिनेट में जगह दी जाएगी।
