नासिक,
महाराष्ट्र में शुक्रवार की सुबह नासिक-शिरडी हाईवे पर एक भीषण दुर्घटना हुई है। जिसमें 10 यात्रियों की मौत हो गयी है जबकि 6 लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। दरअसल मुंबई से सटे उल्हासनगर से कई श्रद्धालु शिर्डी साईं बाबा के दर्शन करने के लिए निकले थे। एक लग्जरी बस में यह सभी लोग दर्शन के लिए जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक निजी बस में 50 यात्री मौजूद थे। लेकिन सिन्नर-शिरडी हाईवे पर पाथेर गांव के पास बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर होने की वजह से यह भीषण दुर्घटना हुई है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस दुर्घटना की वजह से बस में कई यात्री बुरी तरह से जख्मी हुए हैं। मुंबई से सटे अंबरनाथ, ठाणे और उल्हासनगर से यह तमाम साईं भक्त शिर्डी की तरफ जा रहे थे। तभी अचानक यह दुर्घटना घटी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नासिक-शिरडी हाईवे पर हुई दुर्घटना पर शोक जताया है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की है। इसके अलावा सीएम ने इस भीषण सड़क हादसे की जांच के भी आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घायलों को सरकारी खर्च पर जरूरी इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे की खबर मिलते ही सीएम ने नासिक के मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से दुर्घटना की जानकारी ली। दुर्घटना में अब तक दस लोगों की मौत हुई है जबकि 35 यात्री घायल हैं जिनमें से 6 गंभीर रूप से जख्मी हैं। एकनाथ शिंदे ने यह भी निर्देश दिया कि घायलों को तत्काल शिरडी से नासिक ले जाया जाए और उनका उचित इलाज शुरू किया जाए।
