नई दिल्ली
दुनिया का सबसे अमीर शख्स… स्पेसएक्स, टेस्ला और ट्विटर का मालिक फिर भी सोशल मीडिया पर इतना एक्टिव! शायद ही कोई ऐसा बड़ा उद्योगपति हो, जो एलन मस्क की तरह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहता हो। वे अपने ट्वीट्स के चलते काफी सुर्खियों में भी रहते हैं। ट्विटर के मालिक बनने के बाद से बहुत कम ऐसा समय रहा है, जब एलन मस्क चर्चा में ना रहे हों। उनके ट्वीट्स पर काफी अधिक रिएक्शंस देखने को मिलते हैं। हाल ही में उन्होंने एक ट्वीट किया, जो काफी वायरल हुआ। मजे की बात यह है कि एलन मस्क के इस ट्वीट पर यूपी पुलिस ने कुछ ऐसा किया, जो काफी वायरल हो रहा है।
एलन मस्क ने किया था यह ट्वीट
एलन मस्क ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘वेट, अगर मैं ट्वीट करता हूं, तो क्या यह मेरे काम में गिना जाएगा?’ ट्विटर पर काफी एक्टिव रहने वाले मस्क के इस ट्वीट ने भी सुर्खियां बटोरी। यूपी पुलिस का ध्यान भी इस ट्वीट पर गया। इसके बाद यूपी पुलिस ने इस ट्वीट के रिप्लाय में लिखा, ‘वेट अगर यूपी पुलिस ट्वीट पर आपकी प्रॉब्लम सॉल्व करती है, तो क्या वह काम माना जाएगा?’ यही नहीं, यूपी पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल से इस ट्वीट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया। साथ ही लिखा था, ‘हां, यह माना जाएगा।’ अब यूपी पुलिस की यह पोस्ट वायरल हो गई है।
क्या मस्क बनाएंगे मोबाइल?
वीडियो पॉडकास्ट ‘द लिज व्हीलर शो’ की होस्ट लिज व्हीलर ने हाल ही में एक ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने कहा कि अगर एपल और गूगल अपने ऐप स्टोर से ट्विटर को हटा दें तो क्या होगा। लिज व्हीलर ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘अगर एपल और गूगल अपने ऐप स्टोर से ट्विटर को हटा देते हैं, तो मस्क को अपना खुद का स्मार्टफोन मार्केट में लाना चाहिए। आधा देश खुशी-खुशी जासूसी करने वाले आईफोन और एपल को छोड़ देगा। इस आदमी ने मंगल तक जाने के लिए रॉकेट बनाया है, एक छोटा सा स्मार्टफोन तो काफी आसान काम होगा।’
मस्क ने दिया यह जवाब?
एलन मस्क ने लिज व्हीलर के इस ट्वीट का जवाब दिया। मस्क ने कहा, ‘मुझे पूरा भरोसा है कि ऐसी नौबत नहीं आएगी। लेकिन, हां, अगर कोई दूसरा विकल्प नहीं रहा, तो मैं अलग फोन बनाऊंगा।’ इस ट्वीट के बाद से सोशल मीडिया यूजर्स कह रहे हैं कि मस्क अब अपना स्मार्टफोन लॉन्च कर सकते हैं।
