नई दिल्ली,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भाजपा राष्ट्रीय सदस्यता अभियान 2024 के शुभारंभ के अवसर पर देश भर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कई दल इस बात के उदाहरण हैं कि जब राजनीतिक संगठन आंतरिक लोकतंत्र का पालन नहीं करते हैं तो क्या होता है.
पीएम मोदी ने कहा, ‘जब तक जिस संगठन के माध्यम से या जिस राजनीतिक दल के माध्यम से देश की जनता सत्ता सुपुर्द करती है, वो ईकाई, वो संगठन और वो दल अगर लोकतांत्रिक मूल्यों को नहीं जीता है, आंतरिक लोकतंत्र निरंतर उसमें पनपता नहीं है तो वैसी स्थिति बनती है जो आज देश कई दलों को हम देख रहे हैं.’
महिला आरक्षण पर कही ये बात
पीएम मोदी ने कहा कि विधानसभाओं और लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तब लागू होगा जब भाजपा इस अभियान के माध्यम से खुद को और मजबूत करेगी. पीएम ने कहा, ‘ये जो सदस्यता अभियान होगा, जो संगठन की संरचना होगी… उसी कालखंड में विधानसभाओं और लोकसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू हो गया होगा. महिलाओं के लिए अगर ये 33 प्रतिशत आरक्षण इसी कालखंड में आने वाला है तो क्या मेरे सदस्यता अभियान में मैं वैसे सभी लोगों को जोड़ूंगा, जो मेरी पार्टी के इतने महत्वपूर्ण निर्णय में अधिकतम महिलाओं को विजयी बनाकर एमएलए, एमपी बना सके.’
हम चुनावी मशीन नहीं हैं- पीएम
पीएम मोदी ने कहा, ‘हम सिर्फ चुनावी मशीन नहीं हैं. हम वो खाद-पानी हैं जो देशवासियों के सपनों को सींचा करते हैं. हम वो खाद-पानी हैं जो अपने आप को खपा कर देश के सपनों को संकल्प और संकल्प को सिद्धि तक ले जाने की यात्रा में अपने आप को डूबो देते हैं. ‘भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने अभियान की शुरुआत करते हुए मोदी को पहला सदस्य बनाया. प्रधानमंत्री ने भाजपा सदस्यों से इनोवेटिव तरीके से सोचने और सीमावर्ती गांवों में पार्टी के लिए गढ़ बनाने को कहा.
पीएम मोदी ने कहा कि नई पीढ़ी को 10 साल पहले के घोटालों की सुर्खियों के बारे में पता नहीं है. उन्होंने पार्टी नेताओं से सदस्यता अभियान के दौरान 18-25 वर्ष आयु वर्ग को लक्षित करने को कहा. PM मोदी ने कहा कि मेरे सामने 18 से 25 वर्ष के आयु का जवान… मेरे 2047 के सपने का सबसे बड़ी शक्ति का स्रोत है.इसलिए उन्हें विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जोड़ना है, नेशन फर्स्ट के विचार से जोड़ना है.
जनसंघ का उड़ाया गया मजाक- पीएम
लोकसभा में दो सांसदों वाली पार्टी के रूप में अपनी मामूली शुरुआत से भाजपा के उत्थान को याद करते हुए मोदी ने इसका श्रेय राष्ट्र-प्रथम और लोगों के कल्याण की विचारधारा की प्रतिबद्धता को दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके पूर्ववर्ती जनसंघ का उसके प्रतिद्वंद्वियों द्वारा मजाक उड़ाया गया था, उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदलने के लिए बहुत कुछ किया है.
पीएम मोदी ने भाजपा के सदस्यता अभियान की तुलना परिवार में नए सदस्यों का स्वागत करने से की. उन्होंने कहा कि यह अभियान संख्याओं के बारे में नहीं है, बल्कि एक वैचारिक और भावनात्मक अभियान है. आपको बता दें कि हर छह साल में आयोजित होने वाले भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान मौजूदा सदस्यता का नवीनीकरण किया जाता है और नए सदस्यों को इसमें शामिल किया जाता है.
