नई दिल्ली,
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान दर्शक दीर्घा में सफेद कुर्ता पायजामा पहने बैठे राहुल गांधी की तस्वीर चर्चा में है. यह चर्चा विपक्ष के नेता के तौर पर उन्हें पीछे की पंक्ति में बैठाए जाने को लेकर हो रही है. लेकिन अब इस पूरे मामले पर रक्षा मंत्रालय ने स्पष्टीकरण दिया है.
रक्षा मंत्रालय ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान आगे की पंक्तियों में ओलंपिक मेडल विजेता खिलाड़ियों के बैठने का इंतजाम किया गया था, जिस वजह से राहुल गांधी को पीछे की पंक्ति में बैठाया गया. अन्यथा प्रोटोकॉल के मुताबिक विपक्ष के नेता को आगे की पंक्ति में बैठाया जाता है.बता दें कि राष्ट्रीय कार्यक्रमों के आयोजन और इस तरह के आयोजन में बैठने की व्यवस्था का काम रक्षा मंत्रालय का होता है.
10 साल बाद शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष
लोकसभा में विपक्ष के नेता का पद 2014 से 2024 तक खाली रहा. ऐसा इसलिए था क्योंकि उस अवधि के दौरान किसी भी विपक्षी दल के पास इस पद को हासिल करने के लिए पर्याप्त सांसद नहीं थे. हालांकि, हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की सीटों की संख्या 99 पहुंचने के बाद 25 जून, 2024 को राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया गया था
