— आज होगा समापन, भेल के अफसर रहेंगे मौजूद
भोपाल।
बीएचईएल भोपाल में मै. आईआर क्लास सिस्टम एंड सोल्यूशन, मुंबई द्वारा ISO-14001 एवं ISO-45001 मानकों के अनुसार बुधवार को सर्विलेंस ऑडिट का शुभारम्भ स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण इंजीनियरिंग विभाग के सम्मेलन कक्ष में बैठक के साथ हुआ। इसका समापन गुरुवार को होगा। इसमें सिस्टम में सुधार के लिए सुझाव भी लिए जाएंगे।
भेल के अपर महाप्रबंधक हीरालाल भारानी ने बैठक में उपस्थित सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया और अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने कहा कि सिस्टम किसी भी संस्थान के लिए बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। सिस्टम लागू होने के बाद संबंधित प्रक्रियाएं काफी सुगम हो जाती हैं। कार्यपालक निदेशक के नेतृत्व में सुरक्षा एवं पर्यावरण को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है।
मै. आईआर क्लास के लीड ऑडिटर महेंद्र पाटिल ने ISO-45001 एवं ISO-14001 ऑडिट की रूप-रेखा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया ऑडिट सेंपलिंग के आधार पर किया जाएगा एवं सिस्टम में सुधार के लिए सुझाव दिए जाएंगे। उन्होने आशा व्यक्त की कि भेल भोपाल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएचईएल भोपाल के महाप्रबंधक (टीसीबी-ऑपरेशन, डबल्यूईएक्स,एमओडी, एवं एलजीएक्स) अविनाश चन्द्रा ने की। उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बीएचईएल भोपाल भोपाल विगत 20 वर्षों से भी अधिक समय से आडिट प्रक्रियाओं से परिचित है। उन्होंने कहा कि किसी भी ऑडिट को सफल होने के लिए दो-तरफा संवाद की आवश्यकता होती है। उन्होने ऑडिटर्स को आश्वश्त किया कि जो भी कमियां या सुझाव बताए जाएंगे उन पर सकारात्मक रूप से शीघ्रातिशीघ्र कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार मीना, प्रबंधक (एचएसई) ने किया।
