-मामला खजूरी कलां रोड पिपलानी का, मामला मंत्री कृष्णा गौर तक पहुंचा
भोपाल
अजीब सी बात है कि पिपलानी बी-सेक्टर से खजूरी कलां तक बन रही 80 फीट रोड के निर्माण में बाधा बन रही दुकान व झुग्गियों को हटाने के लिये लोक निर्माण विभाग ने बीएचईएल की जमीन पर बाकायदा डिमारकेशन कर 15 गुणा 30 के भूखण्ड काट डाले । शुक्रवार को करीब 80 लोगों ने बांस बल्ली गाढ़कर जमीन पर कब्जा कर लिया । जैसे ही बीएचईएल के बेदखली अमले को इस बात की खबर लगी तो बेदखली अधिकारी रमेशचन्द्रा के नेतृत्व में अमला दलबल के साथ मौके पर पहुंच गया और तमाम अतिक्रमणकारियों को खदेड़कर बाहर कर दिया । इसको लेकर देर रात तक पुलिस का अमला तैनात रहा ।
सूत्रों का कहना है कि इसको लेकर भेल के अफसरों को कलेक्टर ऑफिस तलब किया गया था जहां नगर प्रशासन विभाग के अफसरों ने अपनी अपत्ति दर्ज कराते हुये जमीन भेल की होने की बात कही। भेल प्रबंधन ने मंत्री कृष्णा गौर को भी लिखित में दिया है। मामला गंभीर है बेदखली अमला स्थल पर गश्त कर रहा है ताकि कोई अतिक्रमण न हो सके। विनोदानंद झा का कहना है कि भेल की जमीन केन्द्र सरकार के अधीन है बिना दिल्ली की अनुमति के जमीन आवंटन नहीं हो सकती है । इधर सड़क निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग भी पूरी तैयारी कर रहा है । अब देखना यह है कि जिला प्रशासन भेल की जमीन पर झुग्गी वालों को विस्थापित करता है या भेल की जमीन पर अतिक्रमण रोकता है ।
