नई दिल्ली
कुछ दिनों पहले तक दिल्ली में शीतलहर और धुंध से लोग परेशान थे। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे थे। लेकिन बीते एक हफ्ते में दिल्ली का मौसम पूरी तरह बदल गया है। तापमान में तेजी से इजाफा होने के साथ ही गर्मी का अहसास बढ़ने लगा है। फरवरी के महीने में पसीने वाली गर्मी इस बात की चेतावनी है कि अप्रैल, मई, जून और जुलाई के महीने में भयंकर गर्मी पड़ सकती है।
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री रहा है। यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। 10 और 11 फरवरी को भी मौसम इसी तरह गर्म रह सकता है। 2023 की तरह ही इस बार फरवरी में ही गर्मियां दस्तक दे सकती हैं। 2023 में फरवरी काफी गर्म रही थी, लेकिन उसके बाद मार्च में अधिक बारिश की वजह से राहत रही थी।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को तेज गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री के आसपास रह सकता है। न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के आसपास रहेगा। 12 से 14 फरवरी के बीच एक बार फिर तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 15 से 25 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। अधिकतम तापमान इस दौरान 24 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री तक रह सकता है। दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में भी तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। हालांकि देश के पहाड़ी हिस्सों में अभी भी ठंड का अहसास हो रहा है।