टोक्यो:
चीन लगातार जापान पर दबाव बढ़ा रहा है। जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चीनी नौसेना का एक सर्वेक्षण पोत शनिवार को कुछ समय के लिए जापानी जल क्षेत्र में प्रवेश कर गया। इससे पहले मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि जहाज को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब छह बजे देश के दक्षिण-पश्चिम में कागोशिमा प्रांत के तट पर जापानी क्षेत्र में देखा गया था। सुबह 7:53 बजे यह प्रस्थान कर चुका था। राष्ट्रीय प्रसारक NHK के मुताबिक पिछले एक साल में यह दसवीं बार है कि एक चीनी नौसेना सर्वेक्षण जहाज जापान के क्षेत्रीय जल के बीच से गुजरा है। पनडुब्बियों और खुफिया जानकारी एकत्र करने वाले जहाजों को जोड़ा जाए तो यह 13वीं बार है। जापानी जलक्षेत्र में जहाज तब घुसा जब कुछ समय पहले चीन का एक विमान जापानी हवाई क्षेत्र में घुसा था।
इस बीच चीन ने शनिवार को फिलीपीन के एक तटरक्षक जहाज पर जानबूझकर चीनी जहाज को टक्कर मारने का आरोप लगाया, जो दक्षिण चीन सागर में विवादित जल क्षेत्र को लेकर तनाव की ताजा घटना है। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक बयान में चीनी तटरक्षक बल के प्रवक्ता लियू देजुन के हवाले से कहा गया कि पतवार संख्या 9701 वाला फिलीपीन जहाज शनिवार दोपहर लगभग 12 बजकर 6 मिनट पर चीन के जहाज-5205 से टकरा गया। लियू ने दावा किया कि फिलीपीन के जहाज ने चीनी तटरक्षक जहाज को ‘खतरनाक तरीके से जानबूझकर टक्कर मारी।’
दक्षिण चीन सागर पर दावा करता है चीन
बिना अधिक विवरण दिए उन्होंने कहा कि चीनी जहाज नियमानुसार संचालित हो रहा था। चीन अपनी सेना का तेजी से विस्तार कर रहा है और लगभग पूरे दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा जताने में वह लगातार मुखर होता जा रहा है। यह जलक्षेत्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए महत्वपूर्ण है। जलक्षेत्र में तनाव के कारण टकराव की घटनाएं बढ़ रही हैं, खास तौर पर फिलीपीन के साथ, जिसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका संधिबद्ध है।
