इस्लामाबाद
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक हिंदू श्रद्धालु की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पाकिस्तान पुलिस ने बताया कि ननकाना साहिब में गुरु नानक देव की 555वीं जयंती समारोह में शामिल होने के लिए सिंध से लाहौर आ रहे तीर्थयात्री की लुटेरों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सिंध प्रांत के लरकाना शहर के रहने वाले राजेश कुमार के तौर पर हुई है।
राजेश कुमार अपने दोस्त और बहनोई के साथ कार से ननकाना साहिब जा रहे थे। ननकाना साहिब से करीब 60 किलोमीटर दूर लाहौर में मनानवाला-ननकाना साहिब रोड पर तीन बंदूकधारी लुटेरों ने उनकी कार को रोक लिया। बंदूकधारियों ने राजेश और उनके साथियों से साढ़े चार लाख रुपए और ड्राइवर से दस हजार पीकेआर छीन लिए। पुलिस ने बताया कि राजेश कुमार के लूट का विरोध करने पर उन पर गोलियां चला दीं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
लाहौर पुलिस का कहना है कि राजेश कुमार के साथ डकैती और गोलीबारी की ये घटना बुधवार शाम को हुई थी। राजेश कुमार को गोली लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार को उसकी मौत हो गई। राजेश कुमार के बहनोई की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ पाकिस्तान दंड संहिता की लूट और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। आरोपी फिलहाल फरार बताए गए हैं।
बाबा गुरु नानक की जयंती का मुख्य कार्यक्रम गुरुद्वारा जन्मस्थान ननकाना साहिब में लाहौर को आयोजित किया गया। श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर उनकी जन्मस्थली ननकाना साहिब में भारत से भी 2,500 से ज्यादा सिख श्रद्धालु पाकिस्तान पहुंचे हैं। गुरु नानक जयंती 11 से 15 नवंबर तक मनाई जा रही है। पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (पीएसजीपीसी) के अध्यक्ष और पंजाब की मरियम नवाज सरकार में अल्पसंख्यक मंत्री रमेश अरोड़ा ने वाघा सीमा पर भारत के तीर्थयात्रियों का स्वागत किया।
