नई दिल्ली,
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने न्यूज चैनल अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में यूक्रेन-रूस जंग को लेकर पाकिस्तान के रुख को साफ किया. हालांकि, इस इंटरव्यू के दौरान बिलावल भुट्टो ने पश्चिमी देशों को लताड़ भी लगाई जिसके बाद उनकी खूब तारीफ हो रही है. बिलावल भुट्टो ने इटरव्यू के जरिए ही कश्मीर मामले पर बात करते हुए घाटी और भारत में मुस्लिमों की प्रताड़ना का आरोप भी लगाया.पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो से जब यूक्रेन और रूस युद्ध को लेकर पाकिस्तान का पक्ष जानने के लिए सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बातचीत से समस्या का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाना चाहिए.
बिलावल भुट्टो के इस जवाब पर पत्रकार ने कहा कि वह सवाल का जवाब देने से बचने की कोशिश कर रहे हैं. बिलावल भुट्टो ने कहा कि वह इससे बच नहीं रहे हैं. उन्होंने कहा, दरअसल, पश्चिमी देशों का इस वक्त यही रुख है कि अगर आप उनकी भाषा नहीं बोल रहे हैं, उनकी बातों का समर्थन नहीं करते हैं तो इसका मतलब कि आप कोई स्टैंड नहीं ले रहे हैं. रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर पाकिस्तान की अपनी राय है और वह उस पर कायम है.
रूस और यूक्रेन पर जो देश का पक्ष, वही मेरा पक्ष
बिलावल भुट्टो ने कहा कि इस मामले में उनका पक्ष वही है, जो पाकिस्तान का पक्ष है. बिलावल भुट्टो ने कहा कि रूस और यूक्रेन के युद्ध में पाकिस्तान किसी का भी पक्ष नहीं लेगा. उन्होंने कहा कि हम अभी अफगानिस्तान विवाद से बाहर निकले ही थे और रूस और यूक्रेन युद्ध से कुछ महीने पहले ही काबुल पर तालिबान का कब्जा हो गया.बिलावल भुट्टो ने कहा कि शांति का रास्ता बातचीत और कूटनीति से होकर गुजरता है. इसके साथ ही विदेश मंत्री ने दोनों पक्षों से शांति की अपील की और कहा कि इस मामले में वार्ता और शांति स्थापित होनी चाहिए.
20 साल में 80 हजार पाकिस्तानियों को खो दिया
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान 20 साल के युद्ध और झगड़ों से थक गया है. हमने उस संघर्ष में 80 हजार पाकिस्तानियों को खो दिया. यहां तक की मेरी मां (पूर्व पीएम बेनजीर भुट्टो) की भी इस संघर्ष में जान चली गई, साथ ही पूरी स्थिति भी हमारे हाथों से बाहर हो गई. बता दें कि साल 2007 में पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की हत्या कर दी गई थी. इस हत्या के पीछे तालिबान को बताया जाता है.
बिलावल भुट्टो ने आगे कहा कि वह बस कह रहे हैं कि यूक्रेन में जो अभी हो रहा है, रूस के लोगों का अपना नजरिया है और पश्चिमी देशों का अपना है. आप चाहे जो भी नजरिया चुनते हों, लेकिन यह समय तीसरा विश्व युद्ध छेड़ने के लिए नहीं है.
भारत के साथ कश्मीर विवाद पर भी रागा आलाप
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने कश्मीर को लेकर भी प्रोपेगैंडा फैलाने की कोशिश की. बिलावल भुट्टो ने कहा कि सिर्फ कश्मीर घाटी में ही नहीं बल्कि पूरे भारत में मुस्लिमों को प्रताड़ित किया जा रहा है.विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने कहा कि जिस तरह से और मामलों को अंतराष्ट्रीय मंच पर देखा जाता है, उसी तरह कश्मीर को भी देखा जाना चाहिए. कश्मीर मामले में पहले भी कई बार अंतराष्ट्रीय कानूनों और यूएनएससी प्रस्तावों का हनन हो चुका है.
जयशंकर ने भी कुछ समय पहले दिया था ऐसा ही जवाब
खास बात है कि विदेशी मीडिया को इंटरव्यू देते समय बिलावल भुट्टो के इस जवाब की पाकिस्तान में जमकर तारीफ हो रही हैं. सोशल मीडिया पर यूजर्स बिलावल भुट्टो की सराहना कर रहे हैं. अंतराष्ट्रीय स्तर पर बिलावल भुट्टो का इस जवाब को देने का ढंग कुछ ऐसा है, जैसा हाल ही में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका को देते हुए अपनाया था. भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर ने भी रूस से तेल खरीदने को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा था कि यूरोप को लगता है कि उनकी समस्या पूरी दुनिया की समस्या है.
बिलावल भुट्टो को लेकर सोशल मीडिया पर क्या कह रहे पाकिस्तानी
पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के जवाब की ट्विटर पर पाकिस्तानी यूजर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक ट्विटर यूजर ने कहा कि बहुत अच्छा बिलावल, तुमने यह साबित कर दिया कि उम्र से ही समझदारी नहीं आती है और यह तुम्हारे खून में है.
