तेहरान
ईरान के सुप्रीम कोर्ट के परिसर शनिवार को हुए एक हमले में दो जजों की हत्या कर दी गई। हमले में एक जज घायल भी हुए हैं। ईरान की राजधानी तेहरान में हुई इस घटना को अधिकारियों ने आतंकवादी हमला करार दिया है। बताया गया है कि हमलावर ने हमले को अंजाम देने के बाद आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि उसे ऐसा करने से रोकते हुए सुरक्षाबलों ने हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
ईरानी कोर्ट की मिजान ऑनलाइन वेबसाइट ने बताया है कि सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों को निशाना बनाया गया। उनमें से दो की जान चली गई और एक घायल हो गया। स्थानीय मीडिया ने बताया है कि सुप्रीम कोर्ट के जिन जजों की हमले में जान गई है, उनकी पहचान जस्टिस मोहम्मद मोगीसेह और होजातोलेसलाम अली रेजिनी के रूप में हुई है। ये दोनों ईरानी न्यायपालिका के दोनों वरिष्ठ जज थे। हमले में घायल हुए तीसरे जज की पहचान उजागर नहीं की गई है। उनका इलाज चल रहा है।
