नई दिल्ली,
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच में जमीन पर तनाव बढ़ता जा रहा है. रविवार शाम को स्पिन-बोल्दाक इलाके में फायरिंग हुई है. पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान फौज की तरफ से उसके 6 नागरिकों को मार दिया गया, 17 गंभीर रूप से घायल भी हुए. दो हफ्ते पहले भी ऐसी ही फायरिंग में 6 पाकिस्तानियों की मौत हो गई थी.
पाकिस्तान की आर्मी ने इस घटना को लेकर एक बयान जारी किया है. उस बयान में कहा गया है कि अफगान की फौज ने बिना किसी उदेश्य के उनके नागरिकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. उस फायरिंग में 6 नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई और 17 घायल हुए. पाक आर्मी की मीडिया विंग ने तो दावा किया है कि हमले के दौरान अफगान फौज द्वारा तोपखाने और मोर्टार का इस्तेमाल किया गया था. इस हमले के बाद एक बार फिर पाक-अफगान बॉर्डर पर तनाव की स्थिति बन गई है. लगातार हो रही ये फायरिंग बॉर्डर इलाकों में रह रहे लोगों को दहशत में डाल रही है.
अभी के लिए पाकिस्तानी आर्मी का जोर देकर कहना है कि वो ऐसे किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं कर रही है और उसकी फौज की तरफ से भी मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है. वहीं बातचीत का सिलसिला भी चलता रहे, इसलिए काबुल में बैठी तालिबान सरकार के साथ पाक सरकार ने संवाद स्थापित करने की भी कोशिश की है.
