वॉशिंगटन:
दुनिया भर के माइक्रोसॉफ्ट विंडोज यूजर को ऑपरेटिंग सिस्टम में खराबी का सामना करना पड़ रहा है। दुनिया भर के लाखों विंडोज यूजर्स को ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ (BSOD) की खराबी देखने को मिल रही है। इस कारण सिस्टम अचानक बंद हो रहे हैं या फिर रीस्टार्ट हो रहे हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने एक बयान में कहा कि यह खराबी हालिया क्राउडस्ट्राइक अपडेट के कारण हो रही है। इस बग ने लोगों के पर्सनल कंप्यूटर ही नहीं बल्कि दुनिया भर की कंपनियों, बैंकों, सरकारी कार्यालयों और एयरलाइन को भी प्रभावित किया है। लगातार लोग इस तरह की समस्या के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।
दुनिया भर की एयरलाइन कंपनियों ने अपने यात्रियों को अपडेट करने के लिए एक्स का सहारा लिया है। सोशल मीडिया यूजर्स ने तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिसमें उनकी स्क्रीन रिकवरी पेज पर फंसी हुई है। भारत की कई बड़ी कंपनियों में आईटी की समस्या देखी जा रही है। वहीं दुनिया भर में सिस्टम ठप हो गए हैं। अमेरिकन एयरलाइंस, डेल्टा और यूनाइटेड एयरलाइंस ने अपनी सभी उड़ानों को रोक दिया है। भारत की अकासा एयर ने भी ऐसी ही समस्या का जिक्र किया है, इस कारण उनकी टिकट बुकिंग ठप है। साथ ही सभी काम मैनुअल तरीके से किए जा रहे हैं।
क्या होता है ब्लू स्क्रीन?
ब्लू स्क्रीन एरर को ब्लैक स्क्रीन एरर या फिर स्टॉप कोड एरर भी कहा जाता है। यह तब हो सकती हैं जब कोई गंभीर समस्या कंप्यूटर को अचानक बंद कर दे या फिर रीस्टार्ट करने लगे। ऐसे एरर हार्डवेयर या शॉफ्टवेयर से हो सकते हैं। यह किसी नए हार्डवेयर के कारण हो सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर लगातार यह समस्या बनी रहती है तो सेफ मोड में कंप्यूटर स्टार्ट किया जा सकता है। इसके अलावा ऑपरेटिंग सिस्टम को भी अपडेट करना चाहिए।
