सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली सरकार के पक्ष में फैसला सुनाया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली सरकार के पास सार्वजनिक व्यवस्था, पुलिस और भूमि को छोड़कर सेवाओं पर विधायी शक्ति है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विकास की गति कई गुना बढ़ जाएगी। केजरीवाल ने अपने ट्विटर अकाउंट से हिंदी में एक ट्वीट करते हुए लिखा, ‘दिल्ली के लोगों के साथ न्याय करने के लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट का तहे दिल से शुक्रिया। इस निर्णय से दिल्ली के विकास की गति कई गुना बढ़ेगी। जनतंत्र की जीत हुई।’ सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली संविधान बेंच ने फैसला सुनाया। फैसने के कुछ घंटे बाद ही दिल्ली सरकार ने सर्विसिज सेक्रेटरी आशीष मोरे को हटा दिया।
तिहाड़ से 99 कर्मचारियों का तबादला
तिहाड़ सेंट्रल जेल के 99 कर्मचारियों का ट्रांसफर किया गया है। डीजी (जेल) संजय बेनीवाल ने गुरुवार को आदेश जारी किया। यह ऑर्डर जेल के भीतर गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की बेरहमी से हत्या के बाद आया है।
अब अफसरों के साथ फिर से किया जाएगा ‘थप्पड़ कांड’: BJP
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि वे कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं लेकिन साथ ही जिस प्रकार से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इसको अपनी जीत बता रहे हैं उससे साफ प्रतीत होता है कि फिर से वह दिल्ली में अफसरों पर दबाव बनाएंगे और अफसरों के साथ फिर से ‘थप्पड़ कांड’ किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों के साथ मारपीट का अंदेशा जताते हुए कहा कि अब एक बार फिर से अरविंद केजरीवाल के घर पर किसी भी चीफ सेक्रेट्री के साथ ‘थप्पड़ कांड’ होगा, उनके साथ बदतमीजी की जाएगी।
दिल्ली: स्कूल के चपरासी ने चार साल की बच्ची के साथ की छेड़छाड़
दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक स्कूल में चपरासी ने चार साल की बच्ची से कथित तौर पर छेड़छाड़ की। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि बुधवार को दक्षिण रोहिणी थाने में चार साल की बच्ची से छेड़छाड़ की शिकायत मिली थी। पुलिस ने आरोपी सुल्तानपुरी इलाके के बलबीर विहार निवासी सुनील कुमार (43) को हिरासत में लिया है। पीड़िता की मां का आरोप है कि मंगलवार को स्कूल में खेलने के दौरान उसकी बच्ची के साथ छेड़छाड़ की गई। अधिकारी ने कहा, केवल एक सुराग था कि अपराधी की मूंछें थीं। लड़की को हाल ही में 1 मई को स्कूल में भर्ती कराया गया था। (IANS)
सिसोदिया की बीमार बीवी से वीडियो कॉन्फ्रेंस पर कराई जाए बात: HC
दिल्ली उच्च न्यायालय ने गुरुवार को को तिहाड़ जेल अधीक्षक को पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और उनकी बीमार पत्नी के बीच हर दूसरे दिन एक घंटे के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस की अनुमति देने का निर्देश दिया। सिसोदिया दिल्ली आबकारी नीति मामले में जेल में बंद हैं। उच्च न्यायालय ने कहा कि सिसोदिया की नियमित और अंतरिम जमानत याचिकाओं पर फैसला होने तक यह निर्देश लागू रहेगा।
न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि अदालत जल्द से जल्द याचिकाओं पर फैसला करने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा, ‘इस बीच, याचिकाओं पर फैसला होने तक जेल अधीक्षक को निर्देश दिया जाता है कि याचिकाकर्ता (सिसोदिया) की अपनी पत्नी के साथ हर दूसरे दिन अपराह्न तीन से चार बजे के बीच नियमानुसार वीडियो कॉन्फ्रेंस सुनिश्चित करें।’ सीबीआई ने कई बार पूछताछ के बाद 26 फरवरी को दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 को तैयार करने और लागू करने में कथित भ्रष्टाचार के आरोप में सिसोदिया को गिरफ्तार किया था।
जिन्होंने काम रोका, उन्हें फल भुगतना पड़ेगा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगले कुछ दिनों में बड़ा प्राशसनिक फेरबदल किया जाएगा। जिन्होंने काम रोके, उनको अपने कर्मों का फल भुगतना पड़ेगा। जो काम करना चाह रहे थे, उनको काम करने का मौका मिलेगा। जो डेड वुड हैं, उनको साइड किया जाएगा। जनता की जरूरतों के प्रति रिस्पांसिव सिस्टम बनाया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला एतिहासिक, जनता के साथ न्याय हुआ…
दिल्ली की पावर वाले फैसला अपने पक्ष में आने के बाद आम आदमी पार्टी बहुत खुश है। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर इसे जनतंत्र की जीत बताया है। वहीं उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि शीर्ष अदालत का फैसला ऐतिहासिक है। इस फैसले से जनता के न्याय मिला है।
अब 10 गुना स्पीड से काम करेंगे
दिल्ली सरकार के हाथ में ट्रांसफर पोस्टिंग का अधिकार मिलने के बाद राज्य के सीएम अरविंद केजरीवाल एक्टिव हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अब उनकी सरकार 10 गुना ज्यादा स्पीड से काम करेगी।
दिल्ली के बॉस बने केजरीवाल, ट्वीट कर सुप्रीम कोर्ट का यूं किया शुक्रिया
दिल्ली की पावर किसके पास होगी इसपर देश की सर्वोच्च अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है। फैसला केजरीवाल सरकर के पक्ष में गया है। फैसले के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अदालत का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने ट्वीट कर इसे जनतंत्र की जीत बताया है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि दिल्ली सरकार के पास जमीन, कानून व्यवस्था और पुलिस के अलावा बाकी अधिकार होंगे। इसमें अधिकारियों की पोस्टिंग और ट्रांसफर का अधिकार भी शामिल है। सीजेआई डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली 5 जजों की बेंच ने एलजी वीके सक्सेना को भी नसीहत दी है।
दिल्ली में किसका नियंत्रण, सुप्रीम कोर्ट ने सुना दिया फैसला
दिल्ली की पावर किसके हाथों में होगी इसपर फैसला आ चुका है सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों की बेंच ने कहा कि पुलिस, कानून व्यवस्था और जमीन को छोड़कर बाकी अधिकार दिल्ली सरकार के पास होंगे। अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग पर भी फैसला दिल्ली सरकार ही लेगी। देश की सर्वोच्च अदालत ने कहा कि दिल्ली देश के दूसरे केंद्र शासित प्रदेशों की तरह नहीं है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर शीर्ष अदालत ने कहा कि एलजी की कार्यकारी शक्ति उन मामलों पर है जो दिल्ली विधानसभा के दायरे में नहीं आते। लोकतंत्र है और लोकतंत्र में चुनी हुई सरकार को शक्ति मिलनी चाहिए।
दिल्ली के हर वॉर्ड में बनेंगे पिंक पार्क
अब दिल्ली में महिलाओं के लिए भी अब स्पेशल पार्क बनाए जाएंगे। इसमें वह अपने बच्चों के साथ मॉर्निंग वॉक और एक्सरसाइज कर सकेंगी। महिलाओं के लिए बनने वाले इन स्पेशल पार्कों को पिंक पार्क का नाम दिया गया है। ऐसे पार्कों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड के अलावा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। दिल्ली के हर वॉर्ड में ऐसा एक पार्क बनाया जाएगा। एमसीडी के डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल के अनुसार कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी अफसरों की मीटिंग बुलाई थी। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में महिलाओं के लिए स्पेशल पार्क बनाने का सुझाव दिया था, जिसकी सीएम ने काफी सराहना की। सीएम ने अफसरों को ऐसे पार्कों के लिए जगह की पहचान करने के आदेश दिए और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट सौंपने को कहा। डिप्टी मेयर के अनुसार पहला पिंक पार्क उनके ही वॉर्ड में रणजीत सिंह फ्लाईओवर के पास हमदर्द रोड पर बनाया गया है। यह काफी छोटा पार्क है। हालांकि अब जो पिंक पार्क बनाए जाएंगे, उसका दायरा काफी बड़ा होगा। पिंक पार्क में जिम एरिया, वॉकिंग ट्रैक और बच्चों के लिए झूले भी लगाए जाएंगे। पिंक पार्क की दीवारों का कलर पिंक होगा। इसके अलावा जो जिम उपकरण लगाए जाएंगे, उनका कलर भी पिंक होगा।
कोरोना के 77 नए मामले, संक्रमण दर 4 पर्सेंट से नीचे
दिल्ली में कोरोना की स्थिति में अब सुधार हो रहा है। कोरोना के 77 नए मामले की पुष्टि हुई है। 2345 सैंपल की जांच की गई और इसमें से 3.27 पर्सेंट सैंपल पॉजिटिव मिले। इस दौरान 160 मरीज रिकवर हुए और 2 की मौत हो गई। अभी तक इन दोनों मौत की वजह की रिपोर्ट अस्पताल से नहीं आई है। अब दिल्ली में कोविड के एक्टिव मरीजों की संख्या 624 रह गई है। 75 मरीज अस्पतालों में एडमिट हैं, जिसमें से 7 वेंटिलेटर पर हैं।
