नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई। उस बिल्डिंग के अंदर 6 लोग फंसे थे। सभी 6 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया लेकिन उसमें से केवल दो लोग ही जिंदा बच पाए। शेष 4 लोगों की मौत हो गई। इसमें 09 महीने की बच्ची की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रथम सोनी ( 17), रचना ( 28), गौरी सोनी (40) बेबी रूही ( 9 महीना ) शामिल हैं। जबकि घायलों की पहचान राधिका (16 ) और प्रभावती ( 70 ) है। इनका इलाज गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल में किया जा रहा है। इस मामले की आगे की छानबीन मानसरोवर पार्क थाना की पुलिस टीम कर रही है।
फायर डायरेक्टर अतुल गर्ग ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फायर कंट्रोल रूम को 5:22 पर कॉल मिली थी। मौके पर पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और 25 फायरकर्मियों की टीम भेजी गई। पता चला कि यह हादसा शाहदरा के रामनगर इलाके में हुआ है। लोगों ने मौके पर फायर कर्मियों को बताया कि बिल्डिंग में 5 लोग अंदर फंस गए हैं। जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। बाद में 6 लोगों का पता चला जिन्हें रेस्क्यू कर निकाला गया लेकिन 4 को बचाया नहीं जा सका।
