नई दिल्ली
14 जुलाई को आंध्र प्रदेश के सतीश धवन स्पेस सेंटर से इसरो ने इतिहास रच दिया। बहुप्रतीक्षित चंद्रयान-3 मिशन को सफलतापूर्वक लॉन्च कर पूरे देश को गर्व से भर दिया। सबकुछ ठीक रहा तो चंद्रयान-3 23 अगस्त तक चांद की सतह को छूने में कामयाब हो जाएगा। चंद्रयान की लॉन्चिंग के पल को हर कोई अपने कैमरे में कैद करना चाहता था। उस मंजर को मेमोरी में रखना चाहता था। इस बीच प्लेन में बैठे एक यात्री के साथ कुछ ऐसा हुआ जो उसने सपने में भी नहीं सोचा रहा होगा। यात्री ने चंद्रयान-3 को लिफ्ट होते अपनी आंखों से देखा। आसमान में हवाई जहाज के सामने उड़ान भरते चंद्रयान-3 को देख उसने तुरंत वह पल अपने कैमरे में कैद कर लिया। उसने यह बात ट्विटर पर बतौर वीडियो शेयर कर साझा की है।
When #aviation meets 🤝#astronomy!
A passenger aboard @IndiGo6E 's #Chennai– #Dhaka flight has captured this beautiful liftoff of #Chandrayaan3 🚀 😍
Video credits to the respective owner.@ISROSpaceflight @SpaceIntel101 @Vinamralongani @elonmusk @ChennaiRains #ISRO pic.twitter.com/YJKQFeBh9b
— The Chennai Skies (@ChennaiFlights) July 14, 2023
यात्री के सामने उड़ान भर रहा था चंद्रयान
सतीश धवन स्पेस सेंटर से LVM3-M4 रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष की ओर छोड़ा गया। जब चंद्रयान तेज गति से उड़ान भर रहा था तब उसी दौरान चेन्नई से ढाका की ओर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी आसमान में थी। चंद्रयान-3 को आसमान में देखते ही फ्लाइट के पायलट ने सभी यात्रियों को बताया कि आपकी बांई तरफ इतिहास रचा जा रहा है। लोगों ने देखते ही इस ऐतिहासिक पल का वीडियो बना लिया। उनमें से एक यात्री ने अपनी विंडो सीट से इस पल को अपने मोबाइल पर कैप्चर कर लिया। बाद में उसने इसे ट्विटर पर शेयर भी किया।
कब चांद पर कदम रखेगा अपना चंद्रयान
चंद्रयान-3 देश की धरती से चांद का सफर करने निकल चुका है। हालांकि उसे वहां पहुंचने में समय लगेगा। इसरो चीफ एस सोमनाथ ने बताया कि अगर सब ठीक रहा तो चंद्रयान-3 अगले महीने 23 अगस्त की शाम 5 बजकर 47 मिनट पर चांद पर कदम रख देगा। इससे पहले वह चांद के चारों ओर 41 दिन तक चक्कर काटेगा। चंद्रमा की कक्षा तक पहुंचने के लिए एक महीने से अधिक लंबी यात्रा पर तब तक आगे बढ़ेगा जब तक कि यह चंद्र सतह से 100 किमी ऊपर नहीं पहुंच जाता।
