नई दिल्ली
जवाहरलाल नेहरू कैंपस (JNU) से एक दर्दनाक दुर्घटना की खबर सामने आई है। बाइक की तेज रफ्तार ने ही बाइक सवार JNU छात्र अंशु कुमार की जान ले ली। जबकि बाइक सवार दूसरा छात्र और पैदल चलने वाले दो छात्र को गंभीर चोट आई है। घटना रविवार तड़के की है। गोदावरी बस स्टैंड के पास छात्र अंशु अपने साथी विशाल कुमार के साथ तेज रफ्तार में केटीएम बाइक से जा रहा था। गोदावरी बस स्टैंड से ठीक बगल में दो छात्र सचिन शर्मा और मृदा यादव पैदल जा रहे थे, अचानक बाइक पैदल जा रहे दोनों छात्रों से टकराई और बाइक सवार सड़क पर बुरी तरह से गिर गए। बाइक चला रहे अंशु के सिर पर बेहद गंभीर चोट आई थी, दुर्घटना के तुरंत बाद छात्रों ने घायलों को जेएनयू के एंबुलेंस के जरिए एम्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया जहां पर डॉक्टरों ने अंशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर पीछे बैठे दूसरा साथी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दो छात्रों को गंभीर चोटे आई है
वहीं जो दो छात्र पैदल चल रहे थे उनको भी इस हादसे में गंभीर चोट आई है, जिनका इलाज एम्स के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस को इस पूरे घटना की जानकारी एम्स ट्रामा सेंटर के द्वारा दी गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया और मामले में मुकदमा दर्ज किया। इस घटना के बाबत जेएनयू कैंपस में कई छात्रों से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद कैंपस के छात्र बेहद सदमे में है और किसी ने भी कैमरे पर कुछ भी नहीं बोला।
