नई दिल्ली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज कर दिया है। इस बीच एक्सिस माय इंडिया के चेयरमैन और एमडी प्रदीप गुप्ता ने अपनी कंपनी के ट्रैक रेकॉर्ड सामने रखे हैं। उन्होंने कहा, ‘एक्सिस माई इंडिया ने पिछले 10 सालों से लगातार एग्जिट पोल किए हैं। हमने 2 लोकसभा चुनावों सहित 69 चुनावों में एग्जिट पोल किए हैं। हमारी भविष्यवाणियां 65 बार सही साबित हुई हैं।’ गुप्ता ने आगे कहा, ‘जहां तक विश्वसनीयता का सवाल है, जो लोग सवाल उठा रहे हैं, उन्हें हमारे ट्रैक रिकॉर्ड पर एक नजर डालनी चाहिए, वे संतुष्ट होंगे।’ राहुल गांधी के बयान पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, ‘परिणाम 4 जून को आएंगे। मुझे लगता है कि राहुल गांधी भी यह जानकर खुश होंगे कि एक्सिस माय इंडिया एक बार फिर सही साबित होगा।’
राहुल ने एग्जिट पोल को बताया ‘मोदी मीडिया पोल’
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘यह एग्जिट पोल नहीं है। इसका नाम ‘मोदी मीडिया पोल’ है, मोदी जी का पोल है, उनका फैंटेसी पोल है।’ लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को कितनी सीटें मिलेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा, ‘आपने सिद्धू मूसेवाला का सॉन्ग सुना है, हम 295 सीट जीतेंगे।’
सोनिया गांधी को नतीजे एग्जिट पोल से अलग होने की उम्मीद
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने की उम्मीद जताई है। सोमवार को सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि एग्जिट पोल जो कह रहा है, चुनाव के नतीजे इसके बिल्कुल विपरीत होंगे। सोनिया गांधी सोमवार को तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि की जन्म शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंची थी। करुणानिधि को श्रद्धांजलि देने के बाद जब उनसे चुनाव नतीजों और सरकार गठन को लेकर प्रश्न किया गया तो उन्होंने 4 जून को आने वाले नतीजों का इंतजार करने को कहा। सोनिया ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि एग्जिट पोल जो कह रहा है, चुनाव नतीजे उससे एकदम अलग होंगे। एग्जिट पोल में एनडीए को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया गया है। इससे पहले कांग्रेस पार्टी कह चुकी है कि एग्जिट पोल सिर्फ मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने का तरीका है। 2004 में सभी एग्जिट पोल ने वाजपेयी सरकार को बहुमत दिया था, मगर सरकार यूपीए गठबंधन की बनी थी।
