नई दिल्ली
दिल्ली से दरभंगा जाने वाली स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को बोर्डिंग से 5 मिनट पहले रद्द कर दिया गया। इसके बाद घटना से गुस्साए यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया। यात्रियों की एयरलाइन अधिकारियों के साथ तीखी नोकझोंक हई। गुस्साए यात्रियों ने दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 में बोर्डिंग गेट पर विरोध में नारे लगाए। इतना ही नहीं यात्रियों ने इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की।
बोर्डिंग के लिए तैयार थे यात्री
स्पाइसजेट की उड़ान संख्या SG 495 दिल्ली से दरभंगा जा रही थी। यात्री विमान में चढ़ने को तैयार थे। इस बीच बोर्डिंग से करीब 5 मिनट पहले फ्लाइट के रद्द होने की घोषणा कर दी गई। ऐसे में यात्रियों का गुस्सा भड़क गया। गुस्साए यात्रियों ने स्पाइसजेट मुर्दाबाद, मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। दिल्ली-दरभंगा मार्ग पर उड़ान भरने वाले कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरलाइन पिछले कुछ महीनों से इस मार्ग पर अक्सर उड़ानें रद्द कर रही है। एयरपोर्ट पर हंगामे का एक वीडियो शेयर करते हुए एक यात्री ने कहा कि स्पाइसजेट के कर्मचारियों ने डीजीसीए के मानदंडों का हवाला देते हुए किसी भी राहत से साफ इनकार कर दिया।
#SpiceJet flight SG495 Delhi to Darbhanga cancelled at last moment of departure. Protest by passengers at Delhi airport.@mohol_murlidhar @DGCAIndia @aajtak pic.twitter.com/19wiqpUwZn
— Manojkumar Patil (@ManojAIFireE) September 14, 2024
एयरलाइन स्टाफ ने कहा-ईमेल करो
डीजीसीए के दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए एयरलाइन स्टाफ को यह कहते हुए सुना गया कि एयरपोर्ट पर मुआवजे, होटल, कैब, ट्रेन या किसी अन्य उड़ान के लिए कोई प्रतिबद्धता नहीं है। स्टाफ ने आगे कहा कि अगर वे एयरलाइन से मुआवजा प्राप्त करना चाहते हैं, तो एक बैकएंड टीम है जो बोर्डिंग पास पर ईमेल-आईडी लिखती है, जिस पर यात्री ईमेल भेज सकते हैं।
