नई दिल्ली
दिल्ली आबकारी नीति मामले में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन्होंने CBI की ओर से दर्ज केस में गिरफ्तारी को चुनौती देने के साथ-साथ जमानत की याचिका सुप्रीम कोर्ट में डाली है। जिस पर कोर्ट स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले यानी 14 अगस्त को सुनवाई करने वाला है। सीएम केजरीवाल की जमानत याचिका पर जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की बेंच सुनवाई करेगी।
ईडी के मामले में मिल चुकी है अंतरिम जमानत
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी वाले मामले में पहले ही अंतरिम जमानत मिल चुकी है लेकिन अब उन्हें सीबीआई वाले केस में राहत का इंतजार है। सुप्रीम कोर्ट से पहले अरविंद केजरीवाल ने जमानत के लिए हाई कोर्ट में याचिका डाली थी लेकिन वहां उनकी याचिका को खारिज कर दिया गया और अरविंद केजरीवाल को ट्रायल कोर्ट जाने को कहा गया था। जिसके बाद अरविंद केजरीवाल के वकील ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
9 अगस्त को मनीष सिसोदिया आए जेल से बाहर
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में 9 अगस्त को मनीष सिसोदिया को कुछ शर्तों के साथ जमानत दी थी। जिसके अनुसार सिसोदिया को अपना पासपोर्ट जमा करना था, इसके साथ ही मनीष सिसोदिया को हर सोमवार को थाने में हाजिरी देनी है। बता दें कि सिसोदिया को करीब 17 महीने जेल के अंदर रहना पड़ा। हालांकि बीच-बीच में उन्हें अपनी पत्नी के खराब स्वास्थ्य के चलते पेरोल दी गई थी।
