नई दिल्ली
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इनके साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इन मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ दिलवाई इसके बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और आखिर में रविंद्र इंद्राज सिंह ने शपथ ली।
दिल्ली की नई सरकार के मंत्रिमंडल में इस बार पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र का बोलबाला है। 6 में से 3 मंत्री इसी क्षेत्र से बने हैं। इनके नाम हैं- आशीष सूद, (जनकपुरी), पंकज सिंह (विकासपुरी) और मनजिंदर सिरसा (राजौरी गार्डन)। संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन के बाद 2008 में पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट अस्तित्व में आई। 2008 से पहले इसे आंशिक रूप से बाहरी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में और आंशिक रूप से दक्षिण दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में शामिल किया गया था। इस तरह यह एक काफी नया निर्वाचन क्षेत्र है।
‘विकसित दिल्ली के विजन को पूरा करने के लिए काम करेंगे’
दिल्ली सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में गुरुवार को सीएम रेखा गुप्ता ने पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कई बातों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘आज से पहले यह सीएम कार्यालय मीडिया के लिए नहीं खुला था। आज से यह सभी के लिए खुला रहेगा। सभी का स्वागत है। आज शपथ ग्रहण समारोह के बाद हमने सचिवालय के मुख्यमंत्री कार्यालय में पदभार संभाल लिया है।’
