नई दिल्ली
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज सुनना नहीं चाहती। संसदीय कार्य मंत्री शुरू से ही बुलडोजर चलाने के मूड में हैं। लेकिन संसद में बुलडोजर नहीं चल सकता। टैगोर ने कहा कि सरकार को ये समझना होगा कि संसद में विपक्ष भी काफी मजबूत है। उन्हें विपक्ष की आवाज को सम्मान करना ही होगा।
‘सरकार को विपक्ष की आवाज का सम्मान करना होगा’
न्यूज एजेंसी से बात करते हुए मणिकम टैगोर ने कहा, ‘मोदी सरकार यह नहीं समझ पा रही है कि संसद में उनके पास पर्याप्त संख्या नहीं है। उनके पास केवल 240 सांसद हैं और उन्हें अन्य दलों के लगभग 40 सांसदों का समर्थन प्राप्त है। उन्हें समझना होगा कि संसद में विपक्ष भी है जो उतना ही मजबूत है और उन्हें विपक्ष की आवाज का सम्मान करना होगा।
‘विपक्ष से बातचीत नहीं चाहती सरकार’
टैगोर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘वे विपक्ष की आवाज का सम्मान करने के लिए तैयार नहीं हैं, वे चीजों को बुलडोजर से दबाना चाहते हैं, वे विपक्ष के साथ किसी भी तरह की बातचीत नहीं करना चाहते हैं। संसदीय कार्य मंत्री शुरू से ही बुलडोजर चलाने के मूड में हैं।’
‘सभी विपक्षी दल हैं एकजुट’
उन्होंने आगे कहा कि संसद में बुलडोजर के लिए कोई जगह नहीं है… हम इसकी अनुमति नहीं देंगे। संसद के शीतकालीन सत्र पर उन्होंने कहा, “संसद में बुलडोजर नहीं चल सकता। विपक्षी दल एकजुट हैं। राहुल गांधी विपक्षी नेताओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम सब एक साथ हैं…”
