नई दिल्ली:
दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। सीलमपुर सीट से विधायक अब्दुल रहमान ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। एक दिन पहले ही आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की है। इसी के बाद अब्दुल रहमान ने पार्टी की सदस्यता छोड़ने का फैसला लिया। यही नहीं उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन पर हमेशा जनता के मुद्दों से भागकर अपनी राजनीति का आरोप लगाया है।
सीलमपुर विधायक ने छोड़ी पार्टी
सीलमपुर विधायक अब्दुल रहमान ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पार्टी छोड़ने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘आज मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। पार्टी ने सत्ता की राजनीति में उलझकर मुसलमानों के अधिकारों को नजरअंदाज किया। अरविंद केजरीवाल ने हमेशा जनता के मुद्दों से भागकर अपनी राजनीति की। इंसाफ और हक की लड़ाई लड़ता रहूंगा।’
केजरीवाल पर विधायक अब्दुल रहमान का अटैक
विधायक अब्दुल रहमान ने दो पेज का लेटर जारी कर आम आदमी पार्टी से इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि मैं अब्दुल रहमान, विधायक सीलमपुर विधानसभा, आज भारी मन से आम आदमी पार्टी की सदस्यता और पार्टी से इस्तीफा देने का निर्णय ले रहा हूं। यह फैसला मेरे लिए आसान नहीं था लेकिन पार्टी के नेतृत्व और नीतियों में जिस तरह से मुसलमानों और अन्य वंचित समुदायों की उपेक्षा की गई है, उसके बाद ये मेरा नैतिक कर्तव्य बन गया है।
टिकट कटने के बाद छोड़ दी आम आदमी पार्टी
2020 के विधानसभा चुनाव में अब्दुल रहमान ने 36 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी के कौशल कुमार मिश्रा को हराया था। हालांकि, इस बार आप नेतृत्व ने सीलमपुर सीट से जुबैर चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। सीलमपुर सीट पर आप ने 21 नवंबर को पहली ही लिस्ट में उम्मीदवार का ऐलान किया था। उस लिस्ट में 11 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। सोमवार को दूसरी लिस्ट जारी होने के अगले दिन अब्दुल रहमान ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
