नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत हासिल की है। इस जीत के बाद सीएम चेहरे का ऐलान होना बाकी है लेकिन सीएम के नाम के ऐलान से पहले शपथ ग्रहण के वक्त की घोषणा हो गई है। दिल्ली के सीएम शपथ ग्रहण का समारोह 20 फरवरी की सुबह 11 बजे रामलीला मैदान में होने जा रहा है। बता दें कि पहले ये कार्यक्रम शाम को 4.30 बजे होने वाला था लेकिन अब ये सुबह किया जाएगा।
भव्य समारोह की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही, 200 से अधिक सांसदों को भी इस ऐतिहासिक मौके का साक्षी बनने के लिए बुलाया जाएगा। वहीं भाजपा ने अभी तक सीएम फेस का ऐलान नहीं किया है। सीएम के चेहरे के लिए कल विधायक दल की बैठक होने वाली है।
मुख्यमंत्री पद की रेस में ये नाम आगे
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भाजपा जल्द ही केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करेगी, जो विधायकों से रायशुमारी करेंगे और पार्टी अंतिम फैसला लेगी।सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं, जिनमें नई दिल्ली सीट से विधायक प्रवेश वर्मा, दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, रेखा गुप्ता और सतीश उपाध्याय प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से जल्द ही नए मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
