नई दिल्ली
कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर 21 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कई दिग्गजों के नाम शामिल हैं। आप मुखिया अरविंद केजरीवाल की नई दिल्ली सीट पर कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को टिकट दिया गया है। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव को बादली से टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री हारून यूसुफ को बल्लीमारान और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार को पड़पड़गंज से उम्मीदवार बनाया। रागिनी नायक को वजीरपुर से टिकट मिला है।
कांग्रेस CEC की बैठक के बाद आई पहली लिस्ट
दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में गुरुवार को ही केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक के बाद दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बताया था कि अगले एक घंटे में उम्मीदवारों की लिस्ट जारी हो जाएगी। इसी के साथ उन्होंने ये भी इशारा कर दिया था कि दिल्ली कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट में किनके नाम हो सकते हैं। इस बैठक के कुछ देर बाद ही पार्टी की ओर से 21 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया गया।
दिल्ली में चुनाव की उल्टी गिनती शुरू
देश की राजधानी दिल्ली में अगले साल के शुरू में ही असेंबली इलेक्शन होने हैं। इसके लिए चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली पुलिस और तमाम अधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक की। इन तैयारियों को देखकर लग रहा कि किसी भी समय दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। इसी बीच कांग्रेस ने भी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करके ये स्पष्ट कर दिया दिल्ली में मुकाबला त्रिकोणीय रहने वाला है।
आप के बाद अब कांग्रेस ने जारी की कैंडिडेट्स लिस्ट
दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पहले ही उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी कर चुकी है। अब कांग्रेस की ओर से भी कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट आ चुकी है। इंतजार अब बीजेपी के उम्मीदवारों की लिस्ट का है। ऐसी उम्मीद जताई जा रही कि दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी में हो सकते हैं।

