नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के करावल नगर में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार रही। इस चुनावी रैली उन्होंने सबसे पहले प्रयागराज महाकुंभ में हुए भगदड़ पर दुख जताया। इसके साथ ही पीएम मोदी दिल्ली के पूर्व सीएम और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल के ‘यमुना में जहर’ वाले बयान पर निशाना साधा। वहीं इस रैली के दौरान बेहद खास वाक्या सामने आया जब मंच पर एक बीजेपी कैंडिडेट ने पीएम मोदी का पैर छूने की कोशिश की। प्रधानमंत्री ने तुरंत ही झुककर उन्हें रोका। यही नहीं उल्टे पीएम मोदी ने खुद तीन बार झुककर बीजेपी कैंडिडेट के पैर छुए। जानिए कौन हैं वो बीजेपी कैंडिडेट, जिनका प्रधानमंत्री ने पैर छुआ।
करावल नगर की रैली में गजब वाक्या
पूरा घटनाक्रम दिल्ली के करावल नगर में बीजेपी की चुनावी रैली के दौरान हुआ। पीएम मोदी जब मंच पर पहुंचे तो बीजेपी के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों को उनसे मिलने के लिए बुलाया गया। प्रधानमंत्री उनसे मिल ही रहे थे तभी पटपड़गंज सीट से बीजेपी प्रत्याशी रवींद्र सिंह नेगी उनके पास पहुंचे। उन्होंने आते ही पीएम मोदी के पैर छूने की कोशिश की। इस पर प्रधानमंत्री ने एक-दो नहीं बल्कि तीन बार बीजेपी कैंडिडेट रविंद्र सिंह नेगी का पैर छूने के लिए झुकते नजर आए।
पीएम मोदी ने तीन बार छुए बीजेपी कैंडिडेट के पैर
पीएम मोदी के भरे मंच पर बीजेपी उम्मीदवार का पैर छूने का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में नजर आ रहा कि कैसे पीएम मोदी ने बीजेपी कैंडिडेट रवींद्र नेगी को उनका छूने से पहले रोकने की कोशिश की और फिर खुद ही झुककर रवींद्र सिंह नेगी के पैर तीन बार छुए। पीएम मोदी के इस अंदाज की चर्चा रैली में हर कोई करता नजर आया। कोई इसे प्रधानमंत्री की विनम्रता तो कोई उनका बड़प्पन बता रहा।
जानिए कौन हैं बीजेपी उम्मीदवार रवींद्र सिंह नेगी
बीजेपी कैंडिडेट रविंद्र सिंह नेगी मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में दिल्ली नगर निगम के सदस्य और विनोद नगर वार्ड-198 से पार्षद हैं। विनोद नगर वार्ड, पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में आता है। पिछले विधानसभा चुनाव में रविंद्र नेगी का मुकाबला मनीष सिसोदिया से था। इस बार रविंद्र नेगी का मुकाबला आम आदमी पार्टी के अवध ओझा और कांग्रेस के अनिल चौधरी के साथ है।
करावल नगर रैली में क्या-क्या बोले पीएम मोदी
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करावल नगर की चुनावी जनसभा में प्रयागराज महाकुंभ भगदड़ पर दुख जताया। इसके बाद उन्होंने अरविंद केजरीवाल के यमुना के पानी में जहर के मुद्दे पर पलटवार किया। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि यह सिर्फ हरियाणा का नहीं बल्कि भारतीयों का अपमान है, हमारे संस्कारों का अपमान, हमारे चरित्र का अपमान है। मुझे पक्का विश्वास है कि ऐसी ओछी बातें करने वालों को दिल्ली की जनता इस बार सबक सिखाएगी। इन आप-दा वालों की लुटिया यमुना जी में ही डूबेगी।
